
एक लेवल के बाद टाइम पैसे से ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। (PC: AI)
Financial Independence: दाल-रोटी तो दाल-रोटी ही रहती है। चाहे अरबपति खाए या कोई नौकरी करने वाला। यह बात किसी फिलॉसफी की किताब से नहीं, बल्कि X पर एक पोस्ट से आई है। IT कंपनी में सीनियर मैनेजर गुरजोत अहलूवालिया ने X पर कुछ ऐसा लिखा जो बहुत से लोगों के दिल को छू गया। उनका कहना था कि अगर किसी के पास 8 से 10 करोड़ रुपये का फंड है, अपना घर है और एक ढंग की गाड़ी है, तो उसकी रोजमर्रा की जिंदगी और किसी अरबपति की जिंदगी में असल फर्क उतना नहीं जितना हम सोचते हैं।
अहलूवालिया का असली मुद्दा सिर्फ रकम नहीं था। उनका कहना था कि एक सीमा के बाद पैसे से मिलने वाला फायदा कम होता जाता है। जब तक बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं होतीं- छत, खाना, सेहत, थोड़ी आजादी, तब तक पैसे का हर रुपया बड़ा असर डालता है। लेकिन उसके बाद ज्यादा पैसा आपके नींद के घंटे नहीं बढ़ाता या ज्यादा पैसा आपके माता-पिता के साथ बिताया वक्त नहीं लौटाता। तो फिर असली दौलत क्या है? उनका जवाब था- वक्त।
दुनिया का सबसे अमीर आदमी भी चौबीस घंटे से ज्यादा नहीं पा सकता। अरबपति हो या साधारण तनख्वाह वाला मौत सबको आती है, थकान सबको होती है, रिश्ते सबको चाहिए। इस लिहाज से जिसके पास खाली वक्त है, अच्छी सेहत है और प्यार करने वाले लोग हैं, वो इंसान कागज पर भले कम अमीर दिखे, लेकिन असल जिंदगी में वो किसी से कम नहीं है। यही बात अहलूवालिया की दाल-रोटी वाली मिसाल में है।
अहलूवालिया ने कहा कि पैसे का असली मकसद आजादी होनी चाहिए, संग्रह नहीं। आजादी यानी चिंता से मुक्ति, अपनी मर्जी से चुनाव करने की आजादी और सबसे जरूरी- अपना वक्त उन लोगों और उन कामों में लगाने की आजादी जो सच में मायने रखते हैं। उनकी लिस्ट बहुत सादा थी: ढंग से खाओ, थोड़ा चलो-कसरत करो, नींद पूरी लो, मां-बाप से मिलो, दोस्तों के साथ बैठो। सुनने में बेहद आम लगता है। लेकिन सोचिए, कितने लोग हैं, जो इतना भी नहीं कर पाते, क्योंकि वे लगातार "और ज्यादा" की दौड़ में लगे हैं?
उनकी पोस्ट में एक चेतावनी भी थी। जब तक संतोष दूसरों से आगे निकलने पर टिका है, तब तक वो कभी नहीं मिलेगा। हमेशा कोई न कोई ज़्यादा कमाने वाला मिलेगा, बड़े घर वाला मिलेगा, बेहतर गाड़ी वाला मिलेगा। तुलना का यह खेल कभी खत्म नहीं होता। इसीलिए शायद यह पोस्ट इतनी वायरल हो गई। यह उस आम धारणा को चुनौती देती है कि खुशी अगले पड़ाव पर मिलेगी। कभी-कभी असली मुश्किल काम ज्यादा कमाना नहीं, बल्कि यह पहचानना होता है कि "बस, यही काफी है।"
Published on:
20 Apr 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
