
HDFC bank के मुनाफे में इजाफा हुआ है। (PC: AI)
HDFC Bank Q1 Profit: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक ने जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले बढ़ा जरूर है, लेकिन यह बाजार के अनुमान तक नहीं पहुंच सका। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी बढ़ी, मगर विश्लेषकों की उम्मीद से कम रही। ऐसे में नतीजों को मिला-जुला माना जा रहा है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में एचडीएफसी बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ 19,059.72 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 4.98 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, बाजार को इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी सालाना आधार पर 6.7 फीसदी बढ़कर 33,535.95 करोड़ रुपये रही। लेकिन यह भी अनुमानित स्तर से नीचे रही।
कमाई अनुमान से थोड़ी कमजोर रहने के बावजूद बैंक के मुख्य कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। औसत डिपॉजिट 10.8 फीसदी बढ़कर 30,386 अरब रुपये पर पहुंच गई। वहीं, एडवांस यानी लोन बुक में 13.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 30,115 अरब रुपये पर पहुंच गई। यह दिखाता है कि बैंक की लेंडिंग और जमा जुटाने की रफ्तार अब भी मजबूत बनी हुई है।
एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर एचडीएफसी बैंक की स्थिति मजबूत बनी रही। 30 जून 2026 तक बैंक का ग्रॉस एनपीए (GNPA) 1.17 फीसदी रहा। यह मार्च तिमाही के 1.15 फीसदी से थोड़ा ज्यादा है, लेकिन पिछले साल के 1.40 फीसदी से काफी कम है। नेट एनपीए (NNPA) नेट एडवांस का 0.41 फीसदी रहा।
तिमाही के दौरान बैंक ने संभावित जोखिमों के लिए 3,060 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। कुल क्रेडिट कॉस्ट रेशियो 0.40 फीसदी रहा। बैंक लगातार अपने नेटवर्क का भी विस्तार कर रहा है। 30 जून 2026 तक एचडीएफसी बैक की देशभर में 9,694 शाखाएं थीं। एक साल पहले इसी अवधि में यह संख्या 9,499 थीं। बैंक का रिटर्न ऑन एसेट (RoA) 1.85 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, बेसल-III मानकों के तहत कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (CAR) 19.6 फीसदी रहा, जो नियामकीय जरूरतों से काफी ऊपर है।
तिमाही नतीजों से पहले शुक्रवार को एचडीएफसी बैंक का शेयर 1.4 फीसदी की बढ़त के साथ 819.60 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि, 2026 में अब तक बैंक का शेयर करीब 17.2 फीसदी टूट चुका है, जबकि इसी अवधि में निफ्टी 50 में करीब 6.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
Updated on:
18 Jul 2026 04:36 pm
Published on:
18 Jul 2026 04:36 pm
