4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

How to Cancel UPI Autopay: ऐप का सब्सक्रिप्शन लेकर भूल गए और हर महीने कट रहे पैसे? जान लें बंद करने का प्रोसेस

How to Stop UPI Auto Debit: अगर आप हर महीने अनचाहे सब्सक्रिप्शंस के लिए लगने वाली फीस से परेशान हैं, तो अपने यूपीआई ऐप के जरिए ही इन पेमेंट्स को रोक सकते हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jul 04, 2026

UPI Autopay Mandate

UPI Autopay Mandate को आसानी से बंद कराया जा सकता है। (PC: AI)

UPI Autopay Mandate: आजकल OTT प्लेटफॉर्म्स, ऐप सब्सक्रिप्शंस, मोबाइल रिचार्ज, बीमा प्रीमियम और कई दूसरी सेवाओं के लिए लोग UPI AutoPay का इस्तेमाल करते हैं। इससे हर महीने तय तारीख पर भुगतान अपने आप हो जाता है और बार-बार पेमेंट करने की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन यही सुविधा कई बार जेब पर बोझ भी बन जाती है। अक्सर लोग किसी ऐप या सर्विस का सब्सक्रिप्शन लेते हैं, कुछ दिन इस्तेमाल करते हैं और फिर उसे भूल जाते हैं। कई मामलों में फ्री ट्रायल खत्म होते ही पेड प्लान शुरू हो जाता है और खाते से हर महीने पैसे कटते रहते हैं। छोटी रकम होने की वजह से कई बार महीनों तक इसका पता भी नहीं चलता।

क्या होता है UPI AutoPay Mandate?

UPI AutoPay Mandate एक तरह की पहले से दी गई अनुमति होती है। जब आप किसी ऐप या वेबसाइट पर UPI के जरिए सब्सक्रिप्शन लेते हैं, तब आप कंपनी को तय अंतराल पर आपके बैंक खाते से पैसे काटने की मंजूरी देते हैं। एक बार यह मैंडेट एक्टिव हो जाए तो हर बार यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं पड़ती। तय तारीख पर भुगतान अपने आप हो जाता है।

लोग क्यों भूल जाते हैं सब्सक्रिप्शंस?

ज्यादातर सब्सक्रिप्शन की फीस बहुत कम होती है। महीने में 99, 199 या 299 रुपये जैसी छोटी रकम खाते से कटती है, इसलिए लोग उस पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। इसके अलावा कई लोग फ्री ट्रायल ऑफर का फायदा उठाने के लिए सब्सक्रिप्शन ले लेते हैं, लेकिन ट्रायल खत्म होने से पहले उसे बंद करना भूल जाते हैं। नतीजा यह होता है कि बिना जरूरत के महीनों तक पैसे कटते रहते हैं।

कैसे पता करें कौन-कौन से Mandate चालू हैं?

लगभग सभी UPI ऐप जैसे PhonePe, Google Pay, Paytm और BHIM में मैंडेट्स या ऑटोपे नाम का सेक्शन होता है। यहां आपको सभी एक्टिव मैंडेट की जानकारी मिल जाएगी। किस कंपनी को भुगतान जा रहा है, कितनी रकम कटती है और भुगतान की अगली तारीख क्या है, यह सब आप यहां चेक कर सकते हैं। अगर कोई ऐसा मैंडेट दिखे जिसकी अब जरूरत नहीं है, तो उसे तुरंत बंद किया जा सकता है। इसके अलावा समय-समय पर बैंक स्टेटमेंट भी देखना चाहिए। इससे बार-बार कटने वाले भुगतान आसानी से पकड़ में आ जाते हैं।

UPI AutoPay Mandate कैसे बंद करें?

स्टेप 1. अपने यूपीआई ऐप गूगल पे, पेटीएम, फोनपे या भीम को ओपन करें, जहां आपका मैंडेट क्रिएट किया गया है।

स्टेप 2. अब प्रोफाइल या सैटिंग सेक्शन में जाइए। वहां, आपको ऑटोपे, मैंडेट्स या सब्सक्रिप्शंस नाम से एक सेक्शन दिखेगा, उस पर क्लिक करें।

स्टेप 3. अब आपको स्क्रीन पर सभी एक्टिव मैंडेट दिखाई देंगे। जिस पेमेंट को कैंसिल करना है, उसे चुनें।

स्टेप 4. अब नीचे Cancel या Revoke बटन दिया होगा, उस पर क्लिक करें। अब अपना यूपीआई पिन दर्ज कर कंफर्म कर दें। इस तरह वह ऑटो पे मैंडेट खत्म हो जाएगा।

ध्यान रखें कि आप यूपीआई ऐप के जरिए लोन की ईएमआई या लोन कलेक्शन वाले मैंडेट कैंसिल नहीं कर सकते।