
ITC के शेयरों में तेजी आई है। (फोटो: AI)
ITC Share Price Rise: आईटीसी (ITC) के शेयर में सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। इससे पहले कंपनी का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मुनाफा 27 फीसदी घटकर 3,579 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4,911 करोड़ रुपये था। इसके बावजूद कंपनी के शेयर में तेजी देखने को मिली। कई ब्रोकरेज फर्म्स का मानना है कि कंपनी के लिए मुश्किल दौर अब पीछे छूटता दिख रहा है और आगे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद है।
कंपनी के नेट प्रॉफिट में कमी आई लेकिन कंपनी के रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 28 फीसदी बढ़कर 26,943 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 21,070 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 50 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 22,829 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, EBITDA 28 फीसदी घटकर 4,514 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का शेयर सुबह 9 बजकर 58 मिनट पर 3.74 फीसदी या 10.50 रुपये की बढ़त के साथ 291.50 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इस बढ़ोतरी के बाद कंपनी के रिटर्न की बात करें तो पिछले 1 हफ्ते में शेयर ने 2.22 फीसदी, 1 महीने में 0.78 फीसदी और 1 साल में -29.84 फीसदी का रिटर्न दिया है।
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने आईटीसी के शेयर पर अपनी रेटिंग 'रिड्यूस' से बढ़ाकर 'बाय' कर दी है। साथ ही टार्गेट प्राइस 300 रुपये से बढ़ाकर 340 रुपये कर दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 21 फीसदी की संभावित बढ़त दिखाता है। नोमुरा का कहना है कि पहली तिमाही में सिगरेट की सेल्स वॉल्यूम 5 फीसदी घटी, जबकि बाजार को 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट की उम्मीद थी। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के मुनाफा बढ़ाने के प्रयास और प्रीमियम व रेगुलर सिगरेट में संभावित कीमत बढ़ोतरी से आने वाली तिमाहियों में स्थिति बेहतर हो सकती है।
मोतीलाल ओसवाल ने आईटीसी पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखते हुए 300 रुपये का टार्गेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 7 फीसदी ऊपर है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 के मुनाफे के अनुमान में 2 फीसदी की कटौती की है। उसका कहना है कि सिगरेट की कीमतों में अपेक्षा से धीमी बढ़ोतरी के कारण निकट अवधि में कंपनी की कमाई पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, एफएमसीजी कारोबार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और उसके मार्जिन में सुधार हो रहा है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
03 Aug 2026 10:40 am
Published on:
03 Aug 2026 10:40 am
