3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Stock Market: 800 पॉइंट उछलकर खुला सेंसेक्स, IT और FMCG शेयरों में दिखी सबसे अधिक खरीदारी, जानिए इस तेजी के 5 बड़े कारण

Share Market News: मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से शेयर बाजार में आज अच्छी-खासी खरीदारी देखने को मिली है। मेटल, बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयर उछल गए हैं।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Aug 03, 2026

Stock Market Today

Stock Market में तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)

Stock Market Today 3rd August 2026: भारतीय शेयर बाजार आज भारी बढ़त के साथ खुला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को 789 अंक की बढ़त के साथ 78,883.34 पर खुला। शुरुआती कारोबार में 9 बजकर 40 मिनट पर यह 0.69 फीसदी या 537 अंक की बढ़त के साथ 78,631 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 25 शेयर हरे निशान पर और 5 शेयर लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी इस समय 0.7 फीसदी या 171 अंक की बढ़त के साथ 24,554 पर ट्रेड करता दिखा।

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

निफ्टी-50 के इन शेयरों में आई तेजी

कंपनी का नामशेयर प्राइस (सुबह 10 बजे)प्रतिशत बदलाव (%)
आईटीसी291.153.61%
इंडिगो5,310.002.69%
श्रीराम फाइनेंस1,072.102.43%
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज261.802.07%
टीसीएस2,409.901.87%
इन्फोसिस1,151.101.86%
टीवीएस मोटर346.001.84%
बजाज फाइनेंस1,162.001.82%
अडानी एंटरप्राइजेज3,063.501.79%
आयशर मोटर्स7,972.001.77%
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई)1,044.801.69%
बजाज फिनसर्व2,062.901.67%
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज1,166.801.63%
आईसीआईसीआई बैंक1,445.601.56%
एशियन पेंट्स2,782.101.27%

क्या है इस तेजी की वजह

मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सोमवार को ईरान के साथ बातचीत होगी। हालांकि, उन्होंने किसी समझौते की समयसीमा नहीं बताई, लेकिन उनके बयान से यह संकेत जरूर मिला कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें तेज हो रही हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावा किया कि ईरान और कुछ अन्य मध्य पूर्वी देशों ने समझौते को अंतिम रूप देने के लिए समय मांगा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई टाल दी गई है और इजरायल भी इस दिशा में सहयोग कर रहा है। पिछले कई हफ्तों से मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनियाभर के बाजारों की चिंता बढ़ा दी थी। ऐसे में बातचीत की खबर निवेशकों के लिए राहत लेकर आई।

कच्चा तेल हुआ सस्ता

मिडिल ईस्ट से सकारात्मक संकेत मिलते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 5 फीसदी की गिरावट आई। ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया, जबकि WTI क्रूड करीब 80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसके अलावा ओपेक+ ने सितंबर से रोजाना करीब 1.88 लाख बैरल अतिरिक्त तेल उत्पादन बढ़ाने को मंजूरी दी है। इससे आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है। भारत जैसे तेल आयात करने वाले देशों के लिए यह अच्छी खबर मानी जाती है, क्योंकि इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव कम हो सकता है।

AI शेयरों में बिकवाली का असर

सोमवार को एशिया के कई शेयर बाजार लाल निशान में रहे। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स पिछली रिकॉर्ड तेजी के बाद करीब 5 फीसदी टूट गया। जापान का निक्की भी करीब 1 फीसदी फिसला। इसके बावजूद भारतीय बाजार ने मजबूती दिखाई। सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में वैश्विक निवेशक एआई सेक्टर के शेयरों से पैसा निकाल रहे हैं और उसका एक हिस्सा भारतीय बाजार में आ रहा है। यही वजह है कि भारत का बाजार बाकी एशियाई बाजारों की तुलना में बेहतर परफॉर्म कर रहा है।

तिमाही नतीजों से बढ़ी उम्मीदें

इस सप्ताह अप्रैल-जून तिमाही के नतीजों का दौर तेज रहेगा। करीब 573 कंपनियां अपने वित्तीय नतीजे घोषित करेंगी। इनमें ट्रेंट, एसबीआई, नायका, भारती एयरटेल, टाइटन जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि अब तक आए नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं। अगर यही रुझान आगे भी जारी रहता है तो वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनियों की कमाई शुरुआती अनुमान से बेहतर रह सकती है।

विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी

विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध खरीदार रहे। इससे पहले वे लगातार पांच दिन बिकवाली कर रहे थे। खास बात यह है कि अब उनकी दिलचस्पी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़ रही है। बाजार जानकारों का मानना है कि इन कंपनियों में तेज ग्रोथ की संभावना विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर रही है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)