
Maruti Suzuki अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है। (PC: Maruti Suzuki)
Maruti Suzuki Share Price: भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने घोषणा की है कि उसकी कारों की कीमत अगस्त 2026 से बढ़ जाएगी। कंपनी के मुताबिक कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी। इसका कारण इनपुट कॉस्ट (उत्पादन लागत) में लगातार हो रही बढ़ोतरी को बताया जा रहा है।
कंपनी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में उसने लागत कम करने के लिए लगातार कई कदम उठाए। इसके बावजूद कच्चे माल और अन्य जरूरी खर्चों में लगातार बढ़ोतरी बनी हुई है। ऐसे में बढ़ी हुई लागत के दबाव को कम करने के लिए ग्राहकों पर उसका कुछ भार डाला जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों पर इसका असर कम से कम रखने की कोशिश कर रही है।
यह 2026 में मारुति सुजुकी की कीमतों में किया गया एक नया संशोधन है। इससे पहले कंपनी ने 21 मई 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं। उस समय भी कंपनी ने इनपुट कॉस्ट में बढ़ोतरी और महंगाई के दबाव को ही मुख्य वजह बताया था। मई में भी कंपनी ने कहा था कि वह लागत का असर कम करने के लिए कई उपाय कर रही है।
मारुति सुजुकी के शेयर में मंगलवार को बढ़त दर्ज की गई। कंपनी का शेयर 0.93 फीसदी या 126 रुपये की तेजी के साथ 13,640 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर ने पिछले 1 सप्ताह में 1.12 फीसदी, 1 महीने में 1.83 फीसदी और 1 साल में 9.96 फीसदी का रिटर्न दिया है।
वहीं, बात करें कंपनी के मार्केट कैप की तो यह 4,28,845.11 करोड़ रुपये पर है। कंपनी के शेयर का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 17,370 रुपये है, जो 5 जनवरी 2026 को दर्ज हुआ और 52 हफ्ते का निम्न स्तर 12,201 रुपये है, जो 30 मार्च 2026 को दर्ज हुआ था।
Updated on:
21 Jul 2026 04:44 pm
Published on:
21 Jul 2026 04:01 pm
