
IRCON और RVNL का मर्जर हो रहा है। (PC: Patrika)
रेल मंत्रालय के एक औपचारिक प्रस्ताव से शुक्रवार को IRCON और RVNL के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। दरअसल रेल मंत्रालय ने IRCON इंटरनेशनल लिमिटेड को रेल विकास निगम लिमिटेड में विलय करने का औपचारिक प्रस्ताव पेश किया है।
इस प्रस्ताव के बाद IRCON इंटरनेशनल के शेयर की कीमत में 12% से अधिक की तेजी देखने को मिली और RVNL के शेयर की कीमत में 6% से अधिक की वृद्धि देखी गई। IRCON इंटरनेशनल का शेयर आज बीएसई पर 146.95 रुपये पर बंद हुआ। जबकि RVNL का शेयर 285.90 रुपये पर बंद हुआ।
विलय की खबर के बाद शेयरों में आई यह तेजी दर्शाती है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को एक ही छत के नीचे लाने से एक बड़ी इकाई का निर्माण होगा। रेल मंत्रालय के प्रस्ताव को एक मानक समीक्षा प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसमें वित्त मंत्रालय, सार्वजनिक उद्यम विभाग और आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) से अनुमोदन शामिल है।
IRCON और RVNL दोनों ही BSE और NSE पर सूचीबद्ध हैं, इसलिए यह मर्जर शेयर-स्वैप के जरिए हो सकता है, यानी निवेशकों को उनके शेयरों के बदले नई कंपनी के शेयर मिलेंगे।
IRCON, एक इंजीनियरिंग और मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी है जो मुख्य रूप से रेलवे, राजमार्ग, सुरंगों, पुलों और हवाई अड्डे के रनवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। इस कंपनी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छी मौजूदगी है और इसने दक्षिण-पूर्व एशिया और मिडिल ईस्ट सहित 31 देशों में 900 से ज्यादा परियोजनाएं पूरी की हैं। यह भारत सरकार की नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है।
RVNL, रेल मंत्रालय की परियोजनाओं को लागू करने वाली एक प्रमुख कंपनी है। यह मुख्य रूप से भारत के अंदर रेलवे से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। खास तौर पर रेलवे विद्युतीकरण में इसका बड़ा योगदान है और भारत में हुए कुल रेलवे विद्युतीकरण का 25% से अधिक काम इसी कंपनी ने किया है। यह भी एक नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है।
Updated on:
06 Mar 2026 04:14 pm
Published on:
06 Mar 2026 04:14 pm
