
रॉबर्ट कियोसाकी ने कहा है कि 2026 में आर्थिक संकट आएगा। (PC: AI)
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जो हुआ, उसने आम निवेशकों के होश उड़ा दिए। सेंसेक्स करीब 1300 अंक गिरकर 73,988 के निचले स्तर पर आ गया और निफ्टी 50 भी 400 अंक टूटकर 22,927 तक लुढ़क गया। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप एक ही दिन में 431 लाख करोड़ से घटकर 423 लाख करोड़ रह गया, यानी निवेशकों की जेब से सीधे 8 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए। मिड कैप और स्मॉल कैप में तो 2 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। ऐसे माहौल में एक नाम फिर चर्चा में है। रॉबर्ट कियोसाकी।
"रिच डैड पुअर डैड" वाले कियोसाकी ने हाल ही में एक पोस्ट में लिखा कि 2026 में एक बड़ा आर्थिक संकट आ सकता है और उस संकट में वे और ज़्यादा अमीर हो जाएंगे। बस यहीं से बवाल शुरू हो गया। लोग भड़क गए। सवाल उठने लगे कि जब करोड़ों लोग मुसीबत में होंगे तब इस आदमी को खुशी होगी? कियोसाकी को माफी तक मांगनी पड़ी। लेकिन उनकी "माफी" असल में माफी थी ही नहीं, बल्कि उन्होंने अपनी बात और जोर देकर दोहराई।
उन्होंने लिखा कि उनकी रणनीति हमेशा एक ही रही है। सोना, चांदी, तेल, जमीन, फूड प्रोडक्शन, बिटकॉइन और इथेरियम, यही उनका असली खज़ाना है। बात सिर्फ बड़े-बड़े दावों की नहीं है। कियोसाकी ने यह भी बताया कि शुरुआत में उनके पास भी ज़्यादा पैसे नहीं थे। उन्होंने एक बार में बस 6 बिटकॉइन खरीदे थे, जो उस वक्त उनकी पूरी जमापूंजी थी। धीरे-धीरे छोटे-छोटे निवेश किए और सालों तक बेचा नहीं। यह बात भारत के उन लाखों निवेशकों को समझनी चाहिए जो SIP में हर महीने थोड़ा-थोड़ा डालते हैं और बाज़ार गिरते ही घबरा जाते हैं। अब बात करते हैं उनके उन दावों की जिन्हें सुनकर हैरानी होती है।
कियोसाकी का कहना है कि अगर 2026 में बड़ा क्रैश आया, तो उसके एक साल बाद सोना 35,000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। चांदी 200 डॉलर, बिटकॉइन 7,50,000 डॉलर और इथेरियम 95,000 डॉलर। अभी की कीमतें देखें तो ये आंकड़े कई गुना ऊपर हैं। इसीलिए कई लोग इसे हवाई बात मानते हैं और कई इसे संभव भी।
उन्होंने वॉरेन बफेट का ज़िक्र भी किया। बफेट जैसे दिग्गज भी इस वक्त कैश जमा कर रहे हैं, बाज़ार के और गिरने का इंतज़ार कर रहे हैं। यह कोई छोटी बात नहीं है। 2026 का संकट आएगा या नहीं, यह तो वक्त बताएगा। लेकिन कियोसाकी की असली बात यह है कि तैयारी अभी करनी होगी।
उन्होंने मंदी से निपटने के चार तरीके भी बताए। पहली बात, अपनी वित्तीय समझ बढ़ाओ। सिर्फ FD और बचत खाते को निवेश मत समझो। दूसरी बात, मुश्किल वक्त में घबराओ नहीं, सोच-समझकर फैसले लो। तीसरी बात, ज़्यादा कैश रखने की आदत छोड़ो और असली संपत्ति खरीदो। चौथी और सबसे ज़रूरी बात, क्रैश के बाद जो मौके आएं उन्हें पहचानो। कियोसाकी ने अपनी पोस्ट में एक सवाल पूछा जो हर निवेशक को खुद से पूछना चाहिए- "अगर 2026 में सच में बड़ा क्रैश आया, तो क्या आप उसके बाद पहले से ज़्यादा अमीर होंगे या ज़्यादा गरीब?"
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सूचना मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिमभरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Published on:
27 Mar 2026 12:57 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
