
स्टूडेंट के लिए भी टर्म इंश्योरेंस प्लान लॉन्च किया गया है। (फोटो: AI)
Term Plan: अब टर्म इंश्योरेंस सिर्फ नौकरी करने वाले और परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाले लोगों तक ही सीमित नहीं है। कंपनियां 18 से 25 साल की उम्र के छात्रों के लिए भी खास टर्म इंश्योरेंस प्लान पेश कर रही हैं। स्टूडेंट टर्म प्लान में प्रीमियम कम होता है। टर्म प्लान व्यक्ति को कोई बड़ी अनहोनी हो जाने पर वित्तीय संकट से बचाता है।
कई माता-पिता बच्चों की पढ़ाई पर अपनी बड़ी बचत खर्च करते हैं और कई बार एजुकेशन लोन भी लिया जाता है। पॉलिसीबाजार के चीफ बिजनेस ऑफिसर विवेक जैन कहते है कि एजुकेशन लोन लेने वाले छात्र के साथ अगर कोई अनहोनी हो जाए, तो बकाया लोन परिवार पर बोझ बन सकता है। ऐसे मामलों में टर्म इंश्योरेंस परिवार को आर्थिक सुरक्षा दे सकता है। इसके साथ ही कम उम्र और अच्छी सेहत में टर्म इंश्योरेंस का प्रीमियम आमतौर पर कम होता है। यही वजह है कि इंश्योरेंस कंपनियां अब छात्रों और युवाओं को भी टारगेट कर रही हैं।
कम उम्र में सस्ता प्रीमियम मिलना एक फायदा जरूर है, लेकिन सिर्फ सस्ता होने की वजह से इंश्योरेंस खरीदना जरूरी नहीं है। जिन छात्रों पर एजुकेशन लोन है या जिनकी आय पर परिवार निर्भर है, उनके लिए यह कवर उपयोगी हो सकता है। वहीं, जिन पर कोई बड़ी वित्तीय जिम्मेदारी नहीं है, उनके लिए पहले इमरजेंसी फंड बनाना और पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस लेना ज्यादा जरूरी हो सकता है।
पॉलिसीबाजार ने 19 अगस्त 2026 को अपने इंश्योरर पार्टनर्स के साथ मिलकर स्टूडेंट टर्म प्लान लॉन्च किया है। इस प्लान में कम उम्र में ही लंबी अवधि का लाइफ कवर लेने का विकल्प दिया गया है। इस प्लान का शुरुआती प्रीमियम 388 रुपये प्रति महीना बताया गया है। यह प्लान 18 से 25 साल की उम्र के ऐसे छात्रों के लिए तैयार किया गया है, जो स्मोकिंग नहीं करते हों और पहले से कोई बीमारी नहीं हो। प्रीमियम का भुगतान सालाना, छमाही, तिमाही या मासिक आधार पर किया जा सकता है। इसमें गंभीर बीमारी और दुर्घटना में मृत्यु से जुड़े अतिरिक्त राइडर्स लेने का विकल्प भी उपलब्ध है। इस प्रीमियम पर 30 साल की अवधि के लिए 50 लाख रुपये का लाइफ कवर मिल सकता है। प्लान में 30 से 40 साल तक के कवरेज का विकल्प भी दिया गया है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
20 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
20 Aug 2026 03:17 pm
