30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Vedanta Q1 Results: 72% बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये पर पहुंचा वेदांता का मुनाफा, रेवेन्यू 54% उछला, 1 अगस्त से अरुण मिश्रा होंगे नए CEO

Vedanta Q1 Profit: वेदांता ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अच्छा परफॉर्म किया है। कंपनी का शुद्ध लाभ 72 फीसदी बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आय, EBITDA और मार्जिन में भी मजबूत बढ़त दर्ज हुई है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jul 30, 2026

Vedanta Q1 Result

Vedanta के मुनाफे में भारी इजाफा हुआ है। (PC: AI)

Vedanta Share Price 30 July: मेटल और माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का शुद्ध लाभ एक साल पहले की तुलना में 72 फीसदी बढ़कर 5,473 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 3,185 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। नतीजों के साथ ही कंपनी ने बड़ा मैनेजमेंट चेंज भी किया है। बोर्ड ने अरुण मिश्रा को 1 अगस्त 2026 से कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। उनका कार्यकाल जुलाई 2027 के अंत तक रहेगा।

आय और EBITDA ने बनाया रिकॉर्ड

वेदांता का परिचालन से राजस्व जून तिमाही में 54 फीसदी बढ़कर 24,205 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 15,754 करोड़ रुपये था। कॉपर कारोबार को छोड़कर कंपनी का EBITDA 98 फीसदी की तेज बढ़त के साथ रिकॉर्ड 8,469 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 57 फीसदी हो गया, जो पिछले साल के मुकाबले 985 बेसिस प्वाइंट अधिक है।

कंपनी ने NSE पर डाले वित्तीय आंकड़े

पहली तिमाही में कर्ज भी हुआ कम

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, कंपनी ने सिर्फ कमाई ही नहीं बढ़ाई, बल्कि अपनी बैलेंस शीट भी मजबूत की है। जून तिमाही के दौरान वेदांता का शुद्ध कर्ज 2,223 करोड़ रुपये घटा है। इसके अलावा कंपनी की बोरोइंग कॉस्ट भी घटकर 8.5 फीसदी सालाना से नीचे आ गई। कंपनी ने बताया कि इस साल हुए डिमर्जर के बाद अलग हुई कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप पहली तिमाही में 71,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ा है। इससे शेयरधारकों के लिए वैल्यू क्रिएशन को मजबूती मिली है।

मैनेजमेंट ने क्या कहा?

वेदांता के कार्यकारी निदेशक अरुण मिश्रा ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत कंपनी के लिए मजबूत रही है और डिमर्जर के बाद सभी कारोबारों ने अच्छा परफॉर्म किया है। उन्होंने बताया कि जिंक इंडिया ने पहली तिमाही में अब तक का सबसे अधिक माइन मेटल उत्पादन किया। FACOR ने रिकॉर्ड स्तर का अयस्क उत्पादन और EBITDA हासिल किया। कॉपर इंडिया की बिक्री पिछले आठ वर्षों में पहली तिमाही के दौरान सबसे अधिक रही। उनके मुताबिक, यह परफॉर्मेंस कंपनी के मजबूत एसेट्स, उत्पादन बढ़ाने की रणनीति, लागत नियंत्रण और शेयरधारकों के लिए बेहतर वेल्यू क्रिएशन की दिशा में किए गए प्रयासों का नतीजा है।

क्या है शेयर का हाल

वेदांता लिमिटेड का शेयर आज 1.13 फीसदी या 3 रुपये की बढ़त के साथ 267 पर बंद हुआ है। एनएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस शेयर ने 1 वीक में 0.77 फीसदी, 1 महीने में -5.02 फीसदी, इस साल अब तक -55.75 फीसदी, 1 साल में -38.64 फीसदी और 3 साल में -4.36 फीसदी रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1,04,270.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)