
ITR फाइल करते समय AIS जरूर चेक कर लें। (PC: AI)
Income Tax Return भरने की डेडलाइन 31 जुलाई है। अभी तक बहुत से टैक्सपेयर्स ने ITR नहीं भरा है, ऐसे में जल्दबाजी में लोग एनुअल इन्फॉर्मेशन स्टेटमेंट (AIS) चेक करे बिना ही ITR भर देते है। AIS पहले से ही इनकम टैक्स विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध होता है। अगर इसे बिना चेक किए ही ITR भर दी जाए तथा इसमें दी गई जानकारी और आपके द्वारा भरे रिटर्न में फर्क आता है, तो टैक्स नोटिस मिलने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, समय पर AIS चेक करके रिटर्न भरने से रिफंड मिलने में देरी भी नहीं होती है।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के मुताबिक अब तक 5 करोड़ से ज्यादा ITR फाइल की जा चुकी हैं। ऐसे में विभाग का कहना है कि डेडलाइन एक्सटेंशन का इंतजार किए बिना जल्द ही ITR भरने से आखिरी समय में होने वाली दिक्कतों से बचा जा सकता है।
AIS का मतलब एनुअल इंफॉर्मेशन स्टेटमेंट (Annual Information Statement) है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर उपलब्ध यह स्टेटमेंट किसी खास फाइनेंशियल ईयर में टैक्सपेयर की सैलरी, ब्याज, डिविडेंड, कैपिटल गेन, टीडीएस समेत पैन कार्ड (PAN Card) से जुड़े सभी बड़े वित्तीय लेन-देन दिखाता है। ये विवरण बैंकों, कंपनियों, म्यूचुअल फंड कंपनियों, स्टॉकब्रोकर्स, प्रॉपर्टी रजिस्ट्रारों और अन्य संस्थानों द्वारा डिपार्टमेंट को रिपोर्ट किए जाते हैं।
AIS पूरे साल का वित्तीय अपडेट होता है, क्योंकि बैंकों, नियोक्ताओं, म्यूचुअल फंड कंपनियों और स्टॉक ब्रोकर्स द्वारा समय-समय पर आयकर विभाग को जानकारी भेजी जाती है। इसलिए ITR भरने से ठीक पहले एक बार इसे जरूर देख लें, ताकि रिटर्न में कोई गड़बड़ी न रहे।
टैक्समान (Taxmann) के वाइस प्रेसिडेंट और चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन वाधवा ने बताया कि AIS चेक करने के लिए सबसे पहले इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। लॉग-इन करने के बाद, AIS के विकल्प पर क्लिक करें। जहां से वित्तीय वर्ष चुनकर पूरी जानकारी पार्ट ए और पार्ट बी में देखी जा सकती है। यह जानकारी CSV, JSON या PDF फॉर्मेट में डाउनलोड भी की जा सकती है।
अगर आप PDF फॉर्मेट चुनते हैं, तो फाइल पासवर्ड-प्रोटेक्टेड होगी। इसे खोलने के लिए पैन नंबर (स्मॉल लेटर में) और जन्मतिथि को DDMMYYYY फॉर्मेट में बिना स्पेस के जोड़ना होता है। उदाहरण के लिए, अगर पैन AAAAA1234A है और जन्मतिथि 21 जनवरी 1991 है, तो पासवर्ड aaaaa1234a21011991 होगा।
Updated on:
30 Jul 2026 04:44 pm
Published on:
30 Jul 2026 04:40 pm
