11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चंदौली में मंदिर धवस्तीकरण के दौरान गिरा गुंबद, चपेट में आने से पीडब्ल्यूडी कर्मी की मौत, सड़क चौड़ीकरण के लिए किया जा रहा था कार्य

PWD worker dead in an accident in chandauli : chandauli news: चंदौली में सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे प्राचीन काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान मंदिर का गुंबद अचानक गिर पड़ा, जिसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है..
2 min read
Google source verification
Chandauli news

Pc-Patrika

Accidental death in chandauli : चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राचीन काली मंदिर के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बीच मंदिर का भारी-भरकम गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

एक व्यक्ति घायल

मुगलसराय-पड़ाव सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे प्राचीन काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान मंदिर का गुंबद अचानक गिर पड़ा, जिसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान पड़ाव डांडी निवासी 58 वर्षीय झुमरी उर्फ बलदेव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलदेव ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान रस्सी पकड़कर खड़े थे। इसी बीच अचानक गुंबद का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते समय गुंबद बुलडोजर के बकेट से टकराया और फिर बलदेव को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क पर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल बलदेव और दूसरे घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, रात भर चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने इलाज के दौरान बलदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ध्वस्तीकरण स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तत्काल ध्वस्तीकरण का कार्य रोक दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि अन्य कोई अप्रिय घटना ना घट सके।

क्या बोले अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना और कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत मंदिर के हिस्से का नियमानुसार ध्वस्त किया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।