14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Chandigarh News: महिला थाने में तैनात ASI पर विजिलेंस टीम का शिकंजा, रिश्वत लेते पकड़ा गया

Punjab Vigilance Bureau: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने संगरूर के महिला थाना में तैनात एएसआई कमलजीत सिंह को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
2 min read
Google source verification
ASI arrested while taking bribe

एआई तस्वीर

चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना, पुलिस लाइन संगरूर में तैनात एएसआई (लोकल रैंक) कमलजीत सिंह को सात हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी संगरूर जिले के भवानीगढ़ निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई।

वैवाहिक विवाद का मामला

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है और उसकी पत्नी अलग रह रही है। पत्नी ने उसके, उसके पिता और भाई के खिलाफ चंडीगढ़ के महिला थाना संगरूर में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच एएसआई कमलजीत सिंह कर रहा था। आरोप है कि एएसआई ने दर्ज मामले का चालान सक्षम अदालत में पेश करने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को तीन हजार रुपए दे चुका था और शेष सात हजार रुपए बाद में देने का आश्वासन दिया था।

रंगे हाथ गिरफ्तार

शिकायतकर्ता ने शेष राशि देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो, पटियाला रेंज से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को सात हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पहले भी हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब के थाना तलवंडी साबो में तैनात एएसआई बलजीत सिंह को विजिलेंस टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामला एक मारपीट के केस से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार बीड़ तालाब निवासी शिवराज सिंह के बेटे का बहमन जस्सा सिंह वाला गांव के एक युवक से विवाद हुआ था।

आरोप है कि एएसआई ने युवक पर केस दर्ज करने की बात कहकर उसके परिजनों से 50 हजार रुपए की मांग की। बाद में 20 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसकी सूचना परिजनों ने विजिलेंस को दी। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी एएसआई को रिश्वत लेते समय पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।