केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी (Kiran Bedi) ने लगा दी सवालों की झड़ी, सीएम नारायणसामी से मांगा स्पष्टीकरण
पुदुचेरी. जुआ खेलने वाले क्लब खोलने और लॉटरी लाने को क्या विकास कहा जाता है। केंद्रशासित प्रदेश की उपराज्यपाल किरण बेदी ने सीएम वी. नारायणसामी से कुछ ऐसे कड़े प्रश्न पूछे। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही नारायणसामी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द से आग्रह किया था कि पुदुचेरी की उपराज्यपाल को वापस बुला लिया जाए। इस पृष्ठभूमि में किरण बेदी ने गुरुवार को सवालों की झड़ी लगा दी।
उन्होंने पूछा कैसिनो खोलना, शराब के ठेके चलाना, लॉटरी की बिक्री शुरू करना आदि से क्या पुदुचेरी का विकास होगा? क्या यही जनता का भला करना है? क्या यह सब गरीबों के लिए है? सीएम को इन बिन्दुओं पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। प्रदेश की जनता को इनमें से कुछ भी नहीं चाहिए।
उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार और उपराज्यपाल के बीच वैचारिक मतभेद के वक्त केंद्रीय गृह मंत्रालय की दखल से विवाद को सुलझाने की व्यवस्था को लेकर कानून संसद में पारित हुआ है। राष्ट्रपति की सहमति से इसे लागू भी कर दिया गया है। ऐसे में जब कैबिनेट और प्रशासकों के बीच वैचारिक खाई पैदा होती है तथा गृह मंत्रालय दखल देता है तो यह कैसे असंवैधानिक हो गया?