
तमिल नाडु CM विजय का स्वतंत्रता दिवस पर पहला भाषण, फोटो सोर्स- IANS
CM Vijay Tamil Nadu first Independence Day: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण में अभिनेता से नेता बने विजय ने राज्यवासियों से जाति और धर्म की सीमाओं को तोड़ने का आह्वान किया है। चेन्नई के ऐतिहासिक सेंट जॉर्ज फोर्ट (Fort St George) में ध्वजारोहण के बाद 52 साल के मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोग इन सामाजिक विभाजनों से ऊपर उठेंगे, तभी देश को सच्ची आजादी मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को आजादी का ही दूसरा रूप करार दिया। कार्यक्रम के दौरान उनकी करीबी मित्र और अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी मुख्य अतिथि दीर्घा में विजय के माता-पिता के साथ उपस्थित रहीं।
देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि 'जब लोगों को यह अहसास होता है कि उन्हें गुलाम बनाकर रखा गया है, तब वे एकजुट होने लगते हैं। उसी पल धर्म और जाति जैसी बेड़ियां टूटती हैं। यही असली स्वतंत्रता है। महात्मा गांधी के नेतृत्व में भी यही हुआ था।'
बता दें कि सीएम विजय ने सरकारी अधिकारियों और राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि उनकी सरकार तमिलनाडु को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए काम कर रही है। राज्य को भ्रष्टाचार के चंगुल से छुड़ाना भी एक तरह की आजादी ही है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के साथ अपनी सरकार के तालमेल पर रुख साफ करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के लिए हम केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे, लेकिन जब बात तमिलनाडु के हितों की आएगी, तो कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान सीएम विजय ने स्पष्ट किया कि पिछली सरकारों (AIADMK और DMK) द्वारा शुरू की गई जनहित की योजनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने एआईएडीएमके शासन में शुरू की गई 'अम्मा उनावगम' (कैंटीन) और डीएमके सरकार की 'स्कूली बच्चों के लिए नाश्ता योजना' का विशेष रूप से उल्लेख किया।
राज्य के विकास का खाका पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि उनकी सरकार का लक्ष्य वर्ष 2036 तक तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर (USD 1.5 Trillion) की अर्थव्यवस्था बनाना है। उन्होंने दुनिया भर में रहने वाले तमिल समुदाय और जन-ज़ी (Gen Z/युवा पीढ़ी) से राज्य के विकास की यात्रा में शामिल होने की अपील की। साथ ही, जनता से कहा कि सिर्फ वोट देना काफी नहीं है, योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार सरकार का साथ देना जरूरी है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उस वक्त आकर्षण बढ़ गया जब तमिल फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन अपनी मां उमा कृष्णन के साथ सेंट जॉर्ज फोर्ट पहुंचीं। पीले रंग की साड़ी और गजरा लगाए तृषा वीआईपी दीर्घा में फ्रंट रो में बैठी नजर आईं। वह मुख्यमंत्री विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर और माता शोबा चंद्रशेखर के ठीक बगल में बैठी थीं। परेड के दौरान तृषा को मुख्यमंत्री विजय को सलामी देते हुए भी देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के लिए कई नए कल्याणकारी उपायों की भी घोषणा की।
Updated on:
15 Aug 2026 12:09 pm
Published on:
15 Aug 2026 12:07 pm
