14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के कब्जे का दावा खारिज, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू बोले- ‘भारतीय जमीन पर कोई नया अतिक्रमण नहीं’

Kiren Rijiju on Arunachal Pradesh China: अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के कब्जे के दावों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि सीमा पर कोई नया अतिक्रमण नहीं हुआ है, हालांकि स्थानीय चरवाहों की चिंताएं स्वाभाविक हैं।
2 min read
Google source verification
Kiren Rijiju on Arunachal Pradesh China

अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना के कब्जे का दावा खारिज, फोटो सोर्स- IANS

Kiren Rijiju China encroachment claims: अरुणाचल प्रदेश में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के भारतीय सीमा में घुसपैठ और जमीन पर कब्जे की अफवाहों व खबरों पर केंद्र सरकार का आधिकारिक बयान सामने आया है। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने इन सभी दावों को पूरी तरह से सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि अरुणाचल प्रदेश में चीन की ओर से कोई नया कब्जा नहीं किया गया है और सीमा पर भारतीय सेना मजबूती से डटी हुई है।

'हमारी सेना डटी हुई है, नया कब्जा बिल्कुल नहीं हुआ'

मीडिया संस्थान 'इंडिया टुडे' से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने वायरल हो रही खबरों और दावों का खंडन किया।
उन्होंने कहा कि यह दावा पूरी तरह से गलत है कि चीनी सेना ने भारतीय सीमा में 60 किलोमीटर अंदर तक प्रवेश कर लिया है या किसी हिस्से पर नियंत्रण कर लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय सेना सीमा की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद और सक्षम है।

'स्थानीय लोगों और चरवाहों की चिंता जायज'

अरुणाचल प्रदेश से ही ताल्लुक रखने वाले किरेन रिजिजू ने सीमावर्ती इलाकों के स्थानीय लोगों और पशुपालकों द्वारा जताई जा रही चिंताओं पर भी खुलकर बात की। स्थानीय पशुपालकों (चरवाहों) ने हाल ही में दावा किया था कि चीनी सैनिक पारंपरिक चराई वाली जगहों तक पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें मवेशी चराने में दिक्कत हो रही है। रिजिजू ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की चराई वाले इलाकों को लेकर जताई गई चिंताएं बिल्कुल स्वाभाविक और जायज हैं।

कब्जे की पुष्टि नहीं

केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार स्थानीय निवासियों की बातों को बेहद गंभीरता से लेती है, लेकिन चरवाहों की इस चिंता को चीनी सेना के कब्जे के सबूत के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि 'स्थानीय लोगों की चराई की चिंताओं और किसी देश द्वारा जमीन पर कब्जा किए जाने में बहुत बड़ा अंतर है। अरुणाचल प्रदेश में चीन द्वारा किसी भी नई जमीन पर कब्जा नहीं हुआ है।'

जांगनान दावे पर भारत का कड़ा रुख

गौरतलब है कि चीन अक्सर अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा ठोकता रहता है और इसे अपनी भाषा में 'जांगनान' (Zangnan) कहता है। भारत सरकार ने हर बार चीन के इन बेबुनियाद दावों को सख्त लहजे में खारिज किया है और स्पष्ट किया है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा। हालिया दिनों में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद घुसपैठ की अटकलें तेज हुई थीं, जिस पर अब केंद्रीय मंत्री के इस बयान ने स्थिति साफ कर दी है।