
विजय की PM दावेदारी के संकेत, तमिलनाडु के मंत्री ने दिया बड़ा बयान, फोटो सोर्स- IANS
TVK party PM candidate 2029: साल 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर देश की राजनीति में अभी से सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। एक ओर जहां देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से सांसद राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख चेहरा माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु की सत्ता में धमाकेदार एंट्री करने वाले मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी इस रेस में उभरते नजर आ रहे हैं। यद्यपि विजय ने स्वयं इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उनकी पार्टी 'तमिलगा वेत्री कषगम' (TVK) के प्रमुख नेता और राज्य सरकार के मंत्री उन्हें देश के अगले नेतृत्वकर्ता के रूप में प्रोजेक्ट करने में जुट गए हैं।
प्रधानमंत्री पद को लेकर चर्चाओं का दौर 18 अगस्त को तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम. शरतकुमार के एक सार्वजनिक बयान के बाद शुरू हुआ। दरअसल, उन्होंने सीएम विजय की सराहना करते हुए कहा कि जो नेता राज्य के करोड़ों लोगों के दिलों में बसते हैं, वही देश के अगले प्रधानमंत्री बनने योग्य हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि विजय बिना दिन-रात देखे जनता के लिए काम करते हैं और निश्चित तौर पर आने वाले समय में वे देश की कमान संभालेंगे।
इससे पहले राज्य के एक अन्य मंत्री आधव अर्जुन भी यह मांग उठा चुके हैं कि इस बार देश का प्रधानमंत्री किसी दक्षिण भारतीय राज्य, विशेषकर तमिलनाडु से होना चाहिए। उन्होंने कहा था कि अब वह दौर बदलना चाहिए जहां केवल उत्तर प्रदेश, बिहार या गुजरात जैसे राज्यों के समीकरणों के आधार पर देश की सत्ता तय होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आर्थिक और नीतिगत योगदान में आगे रहने वाले दक्षिणी राज्यों की आवाज संसद के शीर्ष पद तक क्यों नहीं पहुंचनी चाहिए।
तमिलनाडु में TVK और कांग्रेस एक साथ सरकार चला रहे हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में 234 सीटों वाली विधानसभा में TVK को 108 सीटें मिली थीं, जो बहुमत के आंकड़े से महज 10 सीटें कम थीं। ऐसे में 6 मई को 5 विधायकों वाली कांग्रेस ने विजय की पार्टी को समर्थन दिया, जिसके बाद VCK और वामपंथी दलों के सहयोग से विजय के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के राज्य प्रभारियों ने उस समय स्पष्ट किया था कि यह गठबंधन आगामी निकाय, राज्यसभा और लोकसभा चुनावों में भी जारी रहेगा। हालांकि, कांग्रेस के तमिलनाडु अध्यक्ष मणिकम टैगोर पहले ही सार्वजनिक रूप से ऐलान कर चुके हैं कि 2029 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का लक्ष्य राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाना है। ऐसे में गठबंधन सहयोगियों के बीच पीएम पद को लेकर आ रहे अलग-अलग बयान राजनीतिक विश्लेषकों के बीच नई चर्चा को जन्म दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने साल 2016 से चले आ रहे अपने पुराने सहयोगी द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK) का साथ छोड़कर TVK के साथ जाने का फैसला किया था। डीएमके और कांग्रेस के गठबंधन ने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य में क्लीन स्वीप किया था। कांग्रेस के इस फैसले पर डीएमके ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे राजनीतिक धोखा करार दिया था।
Updated on:
19 Aug 2026 03:43 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:43 pm
