16 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में नाबालिग का सामूहिक दुष्कर्म, 3 लोगों ने बस स्टैंड से किया था अगवा

mp news: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल 8 अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपियों पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।

3 min read
Google source verification
Minor girl abducted from bus stand and sexually harassed chhatarpur mp news

Minor girl abducted from bus stand (फोटो- Patrika.com)

mp news: मध्य प्रदेश छतरपुर जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल 8 अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। शाम को खुद एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

मुसाफिरखाने से उठाकर सुनसान इलाके में ले गए बदमाश

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुख्य बस स्टैंड पर शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने एक नाबालिग लड़की को दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन डरा-धमकाकर एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दरिंदगी की गई। रातभर दहशत में रही डरी-सहमी पीड़िता ने सुबह किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया और उनके साथ कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप (सामूहिक दुष्कर्म) सहित पॉक्सो एक्ट और विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस फिलहाल घटनास्थल की बारीकी से शिनाख्त और तस्दीक करने में जुटी है। शुरुआती तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात को बस स्टैंड के पास ही किसी सुनसान जगह पर अंजाम दिया गया या फिर किसी होटल में ले जाकर यह कृत्य किया गया। शहर में यह जनचर्चा भी जोरों पर है कि नाबालिग के साथ किसी नजदीकी होटल के कमरे में इस वारदात को अंजाम दिया गया है, जो कि अभी विवेचना का विषय है। पुलिस बस स्टैंड, मुसाफिरखाने और आसपास के सभी होटलों व दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों के चेहरे पहचानने की कोशिश कर रही है।

कथित प्रेमी के छोड़ जाने के बाद बदमाशों की नजरों में आई पीड़िता

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नाबालिग पीड़िता सटई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित युवक के साथ छतरपुर बस स्टैंड पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे घर से कहीं बाहर भागने की फिराक में जिला मुख्यालय आए थे। लेकिन बस स्टैंड पहुंचने के बाद कथित प्रेमी युवक अचानक डर गया और कानून के खौफ से नाबालिग को वहीं अकेला छोड़कर रफूचक्कर हो गया।

प्रेमी के चले जाने के बाद लड़की बस स्टैंड पर बने मुसाफिरखाने में असहाय स्थिति में अकेली बैठी रो रही थी। इसी दौरान वहां घूम रहे कुछ संदिग्ध बदमाशों की नजर उस पर पड़ी। सुनसान रात और लड़की को नितांत अकेला देख आरोपियों की नीयत बिगड़ गई और वे उसे बहला-फुसलाकर या डरा-धमकाकर मुसाफिरखाने से उठाकर ले गए।

घटना स्थल पहुंची पुलिस

घटना के बाद शनिवार शाम करीब 6 बजे एसपी रजत सकलेचा खुद भारी पुलिस बल के साथ बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल और मुसाफिरखाने का बारीकी से निरीक्षण किया और मातहत अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। एसपी ने फरार अज्ञात आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का नकद इनाम भी घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।

इनका कहना है

मामला बेहद गंभीर है। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कोतवाली थाने में गैंगरेप और अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हमारी 8 टीमें लगातार काम कर रही हैं। आरोपियों पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रजत सकलेचा, पुलिस अधीक्षक , छतरपुर