
छतरपुर. देशभर में चर्चित बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शालिगराम को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। बता दें कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग का एक वीडियो बीते दिनों सामने आया था जिसमें वो दलित परिवार में हो रही शादी के दौरान हवाई फायर करते और लोगों को धमकाते हुए नजर आ रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने शालिगराम के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग पर 9 दिन पहले मामला दर्ज किया गया था। शालिगराम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वो एक दलित परिवार के घर हो रही शादी के दौरान उत्पात मचाते नजर आ रहा था। वीडियो में शालिगराम हवाई फायर करते भी दिख रहा है। घटना 11 फरवरी की थी जब गढ़ा गांव में अहिरवार समाज के परिवार में बेटी की शादी हो रही थी। आरोप है कि शादी के दौरान रात करीब 12 बजे धीरेंद्र शास्त्री का छोटा भाई शालिगराम साथियों के साथ नशे की हालत में शादी समारोह स्थल पर पहुंच गया। उसने लोकगीत बजाए जाने का विरोध करते हुए उत्पात मचाया। साथ ही लड़की के परिजनों के साथ मारपीट और फायरिंग करके लोगों को धमकाया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी शालिगराम के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया था। वहीं मामला दर्ज होने के बाद शालिगराम फरार था जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी।
देखें वीडियो- पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई का शादी में उत्पात मचाते नया वीडियो आया सामने
Published on:
02 Mar 2023 04:09 pm
