29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छतरपुर में बाइक पर शादी से लौट रहे पिता-पुत्र और एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, दो की मौत

Chhatarpur News : मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना इलाके में स्थित हमां बस स्टैंड के पास देर रात करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
2 min read
Google source verification
Chhatarpur Accident

Chhatarpur Accident (सड़क हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, एक गंभीर Photo Source- Patrika)

Chhatarpur News :मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना इलाके में स्थित हमां बस स्टैंड के पास देर रात करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बड़ेरापुरा (सौंप) में रहने वाले 52 वर्षीय कृपाल सेन, उनका 30 वर्षीय बेटा कुंती सेन और एक अन्य 19 वर्षीय हेमंत कुशवाहा एक ही बाइक से छतरपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महोबा रोड की ओर से तेज रफ्तार सामने से आए अज्ञात (बोलेरो) चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

पिता ने मौके पर दम तोड़ा, अस्पताल पहुंचने तक बेटे की मौत

हादसे में कृपाल सेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुंती सेन और हेमंत कुशवाहा को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां अस्पताल पहुंचने पर कुंती सेन को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल हेमंत कुशवाहा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

शादी समारोह से लौट रहे थे पिता-पुत्र

इधर, सोमवार को घायल हेमंत ने पुलिस को बयान दिए साथ ही मीडिया को भी बताया कि, छतरपुर बस स्टैंड पर स्थित छक्की यादव की दूध डेरी पर वो काम करता है। इस दौरान पिता-पुत्र उनकी डेरी पर आए, वो शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में रुकते हुए दूध लेकर घर लौट रहे थे। हमारा घर आसपास ही है तो मैने उनसे कहा कि, क्या वो मुझे भी अपने साथ ले चल सकते हैं? इसपर कृपाल सेन राजी हो गए। मैं उन्हीं के साथ एक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वो रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

मदद तो की नहीं, मोबाइल भी छीनकर ले गए

हेमंत ने बताया कि, जब हम हमां बस स्टैंड के पास पहुंचे तो सामने से अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मुझे थोड़ा बहुत होश था। मैने उनसे मदद करने को भी कहा, पर वो लोग मदद किए बिना मौके से फरार हो गए। यही नहीं, घटना के बाद वाहन से एक शख्स उतरा। उसने मेरे हाथ में मोबाइल देखा तो उसे वो छुड़ाकर ले गया। संभवत: हमारे सूचित करने पर वो पकड़े न जाएं इसलिए फोन ले गए होंगे। हालांकि, घटनास्थल पर पुलिस को वाहन के कुछ टूटे टुकड़े मिले हैं। साथ ही, मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी वो कैद हुए हैं। फिलहाल, पुलिस इन्ही आधारों पर वाहन की पहचान करने में जुटी है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपे गए शव

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी में रखवाया है। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजन को सौंप दिए गए हैं। साथ ही, अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। इधर, घटना के बाद कांग्रेस नेता नीरज दीक्षित भी जिला अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजन से मुलाकात कर हादसे पर दुख जताया।

बड़ी खबरें

View All

छतरपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग