
भाजपा का पूर्व सीएम पर हमला, 'कमलनाथ को चुनाव से पहले भगवान और चुनाव के बाद सलमान याद आते हैं'
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के मतदान में अब कुछ ही महीने बाकी हैं। ऐसे में भाजपा कांग्रेस के बीच सेंधमारी का दौर भी जोरों पर चल रहा है। प्रदेश की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी का खास फोकस पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के गढ़ यानी छिंदवाड़ा पर चल रहा है। इसी के चलते भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा भी जल्दी ही छिंदवाड़ा पहुंचने वाली है। यात्रा के पहुंचने से पहले तैयारियों का जायजा लेने छिंदवाड़ा पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा नेता दुर्गेश केसवानी ने कमलनाथ सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि, कमलनाथ को चुनाव के पहले भगवान याद आते हैं तो चुनाव के बाद सलमान (सलमान खान) याद आते हैं।' केसवानी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि, 'जनता में भ्रम फैलाकर ठगना कमलनाथ का शगल बन गया है। कमलनाथ आरोपों के रथ पर सवार हैं। उन्हें सिर्फ और सिर्फ आरोप लगाना आता है।'
जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारियां देखने छिंदवाड़ा पहुंचे केसवानी
जन आशीर्वाद यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा छिंदवाड़ा पहुंचने वाली है, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व भी शामिल होने वाला है। दुर्गेश केसवानी ने दावा करते हुए कहा कि, इस बार मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 150 सीटों के साथ सरकार बनाएगी। जनता के दुख दर्द में शामिल होने वाली भाजपा को जनता बहुमत के साथ सरकार में लाएगी। इस दौरान दुर्गेश केसवानी ने भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू, भाजपा नेता नत्थन शाह ,जिला मीडिया प्रभारी संदीप सिंह चौहान समेत कई जिला स्तरीय नेता शामिल थे।
Published on:
12 Sept 2023 06:57 pm
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
