
mandi
छिंदवाड़ा। कृषि उपज मंडी कुसमेली में किसानों को 17 जनवरी से प्रवेश उनके मोबाइल पर बनाई गई ऑनलाइन प्रवेश पर्ची के माध्यम से दिया जा रहा है। पहले चरण में गेहूं एवं मक्का उत्पादक किसानों को छोडकऱ सोयाबीन, चना, तुअर, मूंग, उड़द लेकर आने वाले किसानों को इसका लाभ मिला। इस दौरान मक्का एवं गेहूं लाने वाले किसानों का प्रवेश मैनुअल ही हो रहा है। अब एक फरवरी से इन उपज की भी ऑनलाइन नीलामी, तौल, भुगतान की प्रक्रिया ई-मंडी ऐप के माध्यम से होगी।
दरअसल, मंगलवार को कुसमेली मंडी प्रबंधन के पास 20 पीओएस मशीन, मंडी बोर्ड भोपाल से पहुंच चुकी है। एक फरवरी से गेहूं किसानों के मोबाइल में भी ई मंडी ऐप अपलोड कराने के बाद सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। ई मंडी ऐप को डाउनलोड करवाने के बाद प्रवेश पर्ची जनरेट की जाएगी। नीलामी, तौल से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया मोबाइल ऐप में दर्ज होगी।
मंडी प्रबंधन ने जारी की सूचना
कृषि उपज मंडी कुसमेली प्रबंधन ने समस्त व्यापारियों को सूचना दी है कि दलहन, तिलहन उपज के साथ अब एक फरवरी से गेहूं की ऑनलाइन नीलामी होगी। ऑफलाइन अनुबंध पर्ची के स्थान पर ऑनलाइन एक पर्ची किसान को एवं एक पर्ची व्यापारी को मिलेगी। नीलामी के समय व्यापारी अपने नंबर को याद रखेंगे। इसे पीओएस मशीन में तत्काल दर्ज किया जाएगा। गेहूं किसानों को भी प्रवेश के दौरान 31 जनवरी की रात से ही ऑनलाइन प्रवेश पर्ची जारी करानी होगी।
इनका कहना है
एन्ड्रायड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ई-मण्डी ऐप डाउनलोड कर किसान को अपना पंजीयन करना होगा। ऑनलाइन प्रवेश पर्ची जारी करने के बाद ही मंडी में विक्रय के लिए उपज लेकर आ सकते हैं और प्रवेश द्वार पर कर्मचारी को दिखाकर प्रिंट पर्ची लेना होगा। एक फरवरी से मंडी प्रांगण में ऑनलाइन प्रवेश पर्ची के आधार पर ही गेहूं की भी ऑनलाइन नीलामी की जाएगी ।
- सुरेश कुमार परते, सचिव कृषि उपज मंडी कुसमेली
Published on:
31 Jan 2024 12:45 pm
