
पुलिस ने आधुनिक जुआ फड़ पर दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में लिया है।
छिंदवाड़ा. पुलिस ने आधुनिक जुआ फड़ पर दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भागने में कामयाब हो गए जिनकी तलाश जारी है। मौके से नकदी २५ हजार रुपए से अधिक, आठ मोबाइल, मोबाइल की बैटरी और ताश की गड्डी जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। गुरुवार की दोपहर घेराबंदी कर परासिया रोड पर दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार पिछले दिनों एसपी अतुल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदामेटा निवासी कमल बंदेवार क्षेत्र में हाईटेक जुआ खिला रहा है। एसपी के निर्देश पर देहात थाना पुलिस लगातार तलाश सुराग जुटा रही थी। गुरुवार दोपहर टीम को जानकारी मिली की परासिया रोड स्थित नरेंद्र ढाबा के पीछे जुआ खिलाया जा रहा है। टीम घेराबंदी कर घर में घुसी और चार लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग भागने में कामयाब रहे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल ऐप के जरिए जुआ खिलाया जा रहा है। ऐप ताश के पत्ते को रीड करने के बाद एक कोड देता है जो बताता है कि पत्ता इनर या आउटर जाएगा। इस तरह से चीट किया जा रहा था। मौके से चांदामेटा वार्ड क्रमांक तीन निवासी कमल बंदेवार (३५), धरमटेकड़ी चौकी क्षेत्र इंदिरा नगर निवासी संजय पीपले उर्फ टोपी, कोतवाली थाना क्षेत्र के राज टॉकीज निवासी आसिफ (२४) एवं सोहिल खान (२३) को गिरफ्तार किया गया है।
हाईटेक तरीके से जुआ खिलाने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य मौके से भागने में कामयाब रहे जिनकी तलाश की जारी है। २५ हजार रुपए से ज्यादा, आठ मोबाइल, बैटरी और माइक्रो फोन सहित कई ताश की गड्डी जब्त की गई है। एसपी के निर्देश पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
-कमल मौर्य, एएसपी, छिंदवाड़ा
Published on:
26 Oct 2018 11:24 am
