5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एकाउंट से रूपये निकलने पर बैंक मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज, शादी के लिए जमा किए थे रूपये

अगर आप अपनी गाढ़ी कमाई से कमाए गए रुपयों को बैंक में जमा कर निश्चिन्त हैं तो ज़रा सावधान हो जाइए

3 min read
Google source verification
chitrakoot

एकाउंट से रूपये निकलने पर बैंक मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज, शादी के लिए जमा किए थे रूपये

चित्रकूट. अगर आप अपनी गाढ़ी कमाई से कमाए गए रुपयों को बैंक में जमा कर निश्चिन्त हैं तो ज़रा सावधान हो जाइए क्योंकि बैंक में ऐसे नटवरलाल बैठे हैं जो आपको चूना लगा सकते हैं और फिर आपके सामने हांथ मलने के सिवा और कोई रास्ता नहीं बचेगा। आजकल साइबर हैकरों से तो खतरा है ही बैंक एकाउंट को दूसरी तरफ बैंक कर्मचारी भी ग्राहकों के साथ 4 सौ बीसी का खेल खेल जाते हैं। ऐसा नहीं कि सभी बैंकों में ऐसा होता हो और सभी बैंक कर्मचारी धोखाधड़ी के इस खेल में लिप्त होते हों लेकिन जब नामी बैंको में इसकी टोपी उसके सर पहनाने की घटना होती है तो प्रश्न उठना लाज़िमी है। एकाउंट से रूपये निकालने का कुछ ऐसा ही खेल हुआ चित्रकूट में जहां एक मेहनतकश लड़की के खाते से बैंक कर्मियों की मिलीभगत के चलते 60 हजार रूपये निकाल लिए गए। लड़की की आगामी 27 जून को शादी है और जब वह पैसे निकालने पहुंची तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।


बैंको में अपनी गाढ़ी कमाई को जमा करके चैन से सोने वाले ग्राहकों को कब जोर का झटका धीरे से लग जाए यह अब सुनिश्चित नहीं रह गया क्योंकि लापरवाही ही कुछ इस कदर बरती जा रही है कि विश्वास का दूसरा नाम बैंक भी कटघरे में खड़ा हो गया है। कई ऐसी घटनाएं हुईं जिनको देख सुनकर बैंक पर से भरोसा उठ जाता है आम आदमी का।

बैंक में जमा की मेहनत की पाई पाई

मामला चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत लालता रोड का है। खेल हुआ उक्त इलाके में स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में। थाना क्षेत्र की निवासी रश्मि नाम की युवती ने बैंक में खाता खुलवाते हुए अपनी मेहनत की पाई पाई जमा की जिसके तहत 6 अप्रैल 2017 तक उसके एकाउंट में कुल 67 हजार 655 रूपये जमा हुए। युवती ने तब से अपने एकाउंट से किसी भी प्रकार का ट्रांजेक्शन नहीं किया। लड़की के पिता नहीं हैं और वह किसी तरह सिलाई बुनाई करके अपने परिवार का भरण पोषण करती है। इसी मेहनत की कमाई को उसने उक्त बैंक में जमा किया था।

निकाल लिए गए 60 हजार रूपये

इस बीच युवती की शादी जनपद के कर्वी क्षेत्र में तय हो गई और आगामी 27 जून 2018 को उसकी शादी होनी है। विवाह की तैयारियों के मद्देनजर रुपयों की आवश्यकता पड़ने पर रश्मि अपने भाई के साथ विगत 29 मई 2018 को जब बैंक से रूपये निकालने पहुंची तो जो सूचना उसे दी गई उसे सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवती के मुताबिक उसने 65 हजार रूपये का निकासी फार्म(विद्ड्रॉल) भरकर पासबुक के साथ जब बैंक में दिया तो उसे यह कहकर पासबुक और फार्म लौटा दिया गया कि उसके एकाउंट में उतना बैलेंस नहीं है। इस पूरे मामले से सन्न रह गई युवती जब शिकायत लेकर बैंक मैनेजर के पास पहुंची तो उसे बताया गया कि उसके खाते से दो बार में 60 हजार रूपये निकाल लिए गए हैं। पहली बार 20 जनवरी 2018 को 25 हजार तथा दूसरी बार 22 जनवरी 2018 को 35 हजार रूपये निकाले गए हैं।

बैंक मैनेजर सहित बैंक कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

पूरे मामले से स्तब्ध युवती ने अपने रुपयों को वापस पाने के लिए कई बार बैंक के चक्कर लगाए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई हर बार उसे टरका दिया गया। थक हारकर उसने डीएम व् पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। युवती ने बैंक कर्मियों पर आरोप लगाया है कि उसके फर्जी हस्ताक्षर के द्वारा उसके एकाउंट से रूपये निकाल लिए गए। उसने कार्यवाही की मांग की है सम्बंधित बैंक कर्मियों के खिलाफ। मामले में एसपी मनोज कुमार झा के निर्देश पर बैंक मैनेजर सहित बैंक कर्मियों के खिलाफ मऊ थाने में धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अब सता रही शादी की चिंता

युवती गरीब घर से ताल्लुक रखती है। पिता हैं नहीं और जीवकोपार्जन का कोई मजबूत जरिया भी नहीं है। युवती ही किसी तरह मेहनत करते हुए रूपये एकत्र कर रही थी। उसकी गाढ़ी कमाई के इस तरह बर्बाद होने से अब उसे शादी की चिंता सता रही है।