
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के चंदेरिया स्थित गोदाम में वजन बढ़ाने के लिए टैंकर के पानी से गेहूं गीला करने के मामले में डिपो मैनेजर सहित दो कार्मिकों को निलंबित करने के बाद अब प्रबंधक सहित आधा दर्जन कार्मिकों के तबादले कर दिए गए हैं, वहीं तीन जनों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।
भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक एम.एस. भुल्लर, उदयपुर से एरिया मैनेजर राकेश कुमार, प्रबंधक देवेन्द्रसिंह, मनीष वर्मा व करूण कुमार वर्मा शनिवार को एफसीआई गोदाम पहुंचे थे और टैंकर के पानी से गोदाम में रखे गेहूं की बोरियां गीली करने के मामले में डिपो मैनेजर कजोड़मल मीणा व सहायक गे्रड डिपो राकेशसिंह चंदेल को निलंबित कर दिया था।
महाप्रबंधक भुल्लर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को एफसीआई गोदाम चंदेरिया के प्रबंधक भैरव प्रकाश का तबादला गंगानगर कर दिया, वहीं उसे नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है। इसके अलावा एरिया मैनेजर राकेश कुमार ने यहां कार्यरत सहायक श्रेणी द्वितीय कैलाशचन्द्र का बांसवाड़ा, सहायक श्रेणी तृतीय मनोज का एफएसडी उदयपुर, सहायक श्रेणी द्वितीय सचिन श्रीवास्तव का जिला कार्यालय उदयपुर, तकनीकी श्रेणी तृतीय प्रशान्त कुमार मिश्रा तथा पिकर के पद पर कार्यरत शंकरलाल का तबादला सिरोही कर दिया गया है।
शंकरलाल को भी नोटिस जारी किया गया है। गेहूं की बोरियां गीली करने वाले श्रमिक रतनलाल को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। गौरतलब है कि चित्तौडग़ढ़ में चंदेरिया एफसीआई गोदाम में 27 सितम्बर 2016 के दिन मुख्य फाटक का ताला खुलवा कजोड़मल मीणा ने टैंकर को अंदर प्रवेश कराया और बाद में गोदाम में रखी गेहूं की बोरियों को पाइप लगा गीला कर दिया। पत्रिका ने 13 अक्टूबर के अंक में 'टैंकर से गेहूं किया गीला, लो बढ़ गया वजनÓ शीर्षक से समाचार का प्रकाशन कर गोदाम में हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया था। मामले को गंभीर मानते एफसीआई महाप्रबंधक एम.एस. भुल्लर खुद चित्तौडग़ढ़ आए और कार्रवाई को अंजाम दिया।
Published on:
18 Oct 2016, 10:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.