
बाइक से 1.53 किलो अफीम ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार फोटो। एआइ
चित्तौडगढ़। बस्सी थाना पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवार मोटरसाइकिल पर अफीम का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलो 530 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी चंपाराम ने नाकाबंदी के दौरान कंचनपुरा गांव से आगे पाल रोड पर कार्रवाई की।
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार संजय पुत्र धनराज जाट (31) निवासी पिपलिया कलां थाना गंगरार व नारायण पुत्र सोहनलाल जाट (29) निवासी तुर्किया खुर्द थाना कपासन को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से डेढ़ किलो से अधिक अफीम बरामद कर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। चित्तौडगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निकटतम थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
अफीम डोडा चूरा मामले में दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार किया गया। बिजयपुर पुलिस स्टेशन पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 462 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा तस्करी के प्रकरण में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के आदेश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई।
19 जनवरी 2024 को बिजयपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कोटड़ी गांव के पास 462 किलो 430 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। अनुसंधान में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
सोमवार को पुलिस ने जब्त अफीम डोडा चूरा उपलब्ध कराने वाले दो साल से फरार वांछित आरोपी दिलखुश पुत्र हरिराम धाकड़ (30) निवासी चरछा थाना बेगूं, हाल गोद पुत्र कन्हैयालाल धाकड़ श्रीपुरा (छोटीघाटी) थाना रतनगढ़ जिला नीमच, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस रिमांड पर है। अग्रिम अनुसंधान जारी है।
Updated on:
11 Jun 2026 03:35 pm
Published on:
11 Jun 2026 03:35 pm
