
churu photo
चूरू.
जिले में किसी न किसी वजह से उपेक्षित व बेसहारा बुजुर्गों को अब और अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके लिए सरकार अब शीघ्र ही स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से वृद्धाश्राम खोलने जा रही है। चूरू में इसके लिए रामनगर तिराहे के पास धर्मशाला का चयन कर लिया गया है। यहां एक सप्ताह के अंदर आश्रम शुरू कर दिया जाएगा। वृद्धाश्राम में ५० बुजुर्ग महिला-पुरुषों के रखने की सुविधा रहेगी। उक्त जानकारी पिपुल यूनिटी संस्थान के इंजीनियर सुरेश शर्मा ने दी।
संस्थान के अध्यक्ष व केशरदेव रतनीदेवी गोयनका ट्रस्ट कोलकाता के प्रतिनिधि एडवोकेट रघुनाथ ने बताया कि सरकार ने 50 बुजुर्गों के रखने की स्वीकृति दी है। 60 वर्ष से अधिक बेसहारा, असहाय व उपेक्षित बुजुर्गों को आश्रय दिया जाएगा। बुजुर्गों को लाने के लिए संस्थान की तरफ से निशुल्क वाहन सुविधा भी दी जाएगी। आश्रम में रहने, खाने व स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं निशुल्क रहेंगी। इसके अलावा आश्रम में सत्संग व सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी किए जाएंगे। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित टीम ने इसके लिए काम शुरू कर दिया है।
संचालन के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है जिसमें प्रथम स्तर पर रामानन्द पाटोदिया, एडवोकेट राजेश भवसिंहका, उमाशंकर शर्मा, जुगल क्याल, सत्यनारायण बाकोलिया, दिनेश गहलोत, संजय सिंघानिया, बाबू इस्माइल पार्षद, ब्रह्मानंद राजोतिया, प्रदीप सरोठिया के नेतृत्व में संचालन समिति बनाई है। इसके आलावा सामाजिक कार्यों में रूचि रखने वाले लोगों को भी इससे जोड़ा जाएगा। आश्रम में बुजुर्गों की देखरेख के लिए दो केयरटेकर, एक रसोइयां, एक चौकीदार, एक लेखाकार व एक मैनेजर काम करेंगे। स्टाफ जरूरत के मुताबिक बढ़ाया या घटाया भी जा सकता है।
सरदारशहर व राजगढ़ में भी खुलेगा
जिला कलक्टर मुक्तानंद अग्रवाल ने बताया कि सरकार ने जिला मुख्यायल पर 50 व सरदारशहर तथा राजगढ़ में 25-25सीट के वृद्धाश्रम की स्वीकृति दी है। सहायक निदेशक नरेश बारोठिया ने बताया कि आश्रम का संचालन निजी संस्थाओं की ओर से किया जाएगा। सरकार की ओर से प्रति व्यक्ति प्रतिमाह 1600 रुपए अनुदान दिया जाएगा।
चार करोड़ की लागत से बनेगा नया वृद्धाश्रम
ट्रस्ट प्रतिनिधि खेमका ने बताया कि मुख्य ट्रस्टी एवं इमामी गु्रप के निदेशक राधेश्याम अग्रवाल की ओर से रामसरा व ऊंटवालिया के बीच चार करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम बनाया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से 17लाख रुपए की जमीन खरीद ली गई है। बिजली व पानी का कनेक्शन ले लिया गया है। भवन का प्रपोजल भी तैयार हो चुका है। जल्द काम शुरू किया जाएगा।
Published on:
18 Jun 2018 12:43 pm
