
मृतकों व नाबालिगों के नाम से फर्जी लोन दिखाकर ऋण माफी का लाभ उठाया!
चूरू.
अल्प कालीन कृषि ऋण माफी में धांधली का आरोप लगाते हुए राजगढ़ के रामसरा जीएसएस के कुछ लोगों ने जिला कलक्टर को गुरुवार को ज्ञापन सौंपा। लोगों का आरोप है कि जीएसएस से जुड़े करीब 500 लोगों के नाम से फर्जी तरीके से लोन दिखाकर ऋण माफी का लाभ उठाया गया है। इसमे मृतक, नाबालिक, छात्र व महिलाओं को मोहरा बनाया गया है। कइयों को ऋण के बारे में पता भी नहीं है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जीएसएस में एक व्यवस्थापक व दो सहायक व्यवस्थापक कार्य कर रहे हंै। बिना वजह के ही एक सहायक व्यवस्थापक लगाया गया है, जिसे तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। यह भी आरोप लगाया कि फसली ऋण माफी २०१८ के प्रमाणपत्र किसी व्यक्ति को नहीं दिए गए।
जिसने नहीं लिया ऋण, उसके नाम दिखाया लोन
ज्ञापन देने आए सुरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि ऋण माफी सूची में क्रामांक संख्या लोन/२०१८/ १०१७७०५ पर जो नाम दिखाया गया है वह फर्जी तरीके से दिया गया है। उक्त नाम से २७७५० रुपए माफ हुए हैं। जबकि उक्त व्यक्ति ने कोई ऋण नहीं लिया था। इसी प्रकार लोन/२०१८/२४५१५१९ संतोष गोपीराम के नाम से ३१०३२ रुपए हैं। इसी प्रकार काफी लोगों के नाम जोड़कर कर्ज माफी दिखाकर ऋण माफी का लाभ उठाया गया है। जिन व्यक्तियों के नाम दिखाए गए हैं उनके नाम से जीएसएस में खाते नहीं हैं। यह भी आरोप लगाया गया गया है कि मृतक के नाम पर दूसरों के आधार लगाकर लोन दिखाए गए हैं। सुरेन्द्र पुत्र प्रतापसिंह व छबीलाराम पुत्र राजेराम के नाम से इसी प्रकार के लोन दिखाए गए हैं। जल्द ही इस मामले की जांच नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मृतक व्यक्तियों के नाम ऋण उठाने का आरोप
सादुलपुर. पहाड़सर ग्राम सेवा सहकारी समिति की ओर से मृतक व्यक्तियों के नाम ऋण उठाने का आरोप लगाकर गांव मीठी रेडू निवासी रणजीतसिंह धुआं एवं ग्रामीणों ने चूरू सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक शाखा सिधमुख के प्रबंधक को लिखित शिकायत की है।उन्होंने मामले की जांच कर मूल रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की मांग की है। ज्ञापन में लिखा हैकि खाता संख्या पुराना १०३ तथा नया २४५ ऑनलाइन में भगवानाराम एवं खाता संख्या २८८ ऑनलाइन में महावीरप्रसाद के नाम ऋण उठाया गया है। जबकि भगवानाराम की मृत्यु २००१ तथा महावीरप्रसाद की मृत्यु २००६ में हो चुकी है। समिति व्यवस्थापक उठाए गए ऋण की राशि जमा करवाने की बात कर रहा है। वहीं पहाड़सर के ग्रामीणों ने भी मामले में गड़बड़ी का आरोप लगाकर गत सप्ताह तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर बताया कि सिधमुख सोसायटी से ऋण वितरण ग्राम पहाड़सर के धारकों को किया गया। जिसमें नाबालिग एवं मृतक व्यक्तियों के नाम पर ऋण उठाया है। ज्ञापन में सिधमुख सोसायटी के वितरण ऋण की निष्पक्ष जांच करने एवं पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध करवाने की मांग की थी।
Updated on:
10 Jan 2019 11:17 pm
Published on:
10 Jan 2019 11:09 pm
