
मामला दर्ज करते हुए पुलिस और मौजूद परिजन (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
सरदारशहर (चूरू): भानीपुरा थाने के गांव राजासर पांवरान में एक विवाहिता ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तुरंत राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर अस्पताल पहुंची भानीपुरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। विवाहिता के परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों के आने के बाद पुलिस ने मृतका का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लूणकरणसर निवासी उदाराम पुत्र शिवलाल मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 2016 में उसकी पुत्री सीमा का विवाह मदनलाल पुत्र गोदूराम मेघवाल निवासी राजासर पांवरान के साथ हुआ था। उसके साथ ही छोटी बेटी मीरा का भी विवाह सीमा के देवर रमेश के साथ हुआ था।
शादी के बाद दहेज को लेकर मदनलाल सीमा को परेशान और मारपीट करने लगा। परिजनों ने कई बार पंच-पंचायती कर मदनलाल को समझाने का प्रयास किया, लेकिन फिर भी मारपीट का सिलसिला जारी रहा। परिवादी ने आगे बताया कि रमेश को भी अपने भाई को समझाने के लिए कहा, लेकिन उसने भी मदनलाल का पक्ष लिया। दो साल पहले सीमा को मदनलाल ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। बार बार समझाने के बाद भी वह नहीं माना।
रिपोर्ट में बताया कि सीमा मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण करती थी। सोमवार सुबह सीमा के ससुराल से समाचार मिला की रात को सीमा के साथ मदनलाल ने मारपीट घर से निकाल दिया है। दोपहर 12 बजे मेरे साढू हरिराम के पास रमेश का फोन आया की सीमा ने स्प्रे जहर पी लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। तब हम सरदारशहर राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। वहीं, भानीपुरा पुलिस ने विवाहिता के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।
Updated on:
10 Jun 2025 02:37 pm
Published on:
10 Jun 2025 02:37 pm
