
बुर्के के भेष में पुलिसकर्मी। फोटो पत्रिका नेटवर्क
चूरू। रतननगर थाना क्षेत्र से 55 वर्षीय सब्जी व्यापारी के अपहरण और 1.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने हरियाणा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और अपहृत रुक्मानंद माली को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखते हुए तकनीकी साक्ष्य और वेश बदलकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रेल की रात करीब सवा नौ बजे रतननगर निवासी रुक्मानंद माली अपनी सब्जी की दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते में घात लगाकर उनका अपहरण कर लिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन शुरुआती तौर पर पुख्ता जानकारी नहीं होने से पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की, ताकि अपहरणकर्ताओं को भनक न लगे। बाद में जैसे ही अपहरणकर्ताओं ने रुक्मानंद के पुत्र से संपर्क कर फिरौती मांगी, पुलिस ने तत्काल अपहरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
अपहरणकर्ताओं ने रुक्मानंद के पुत्र से 1.5 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की। बदमाश 2 जी फोन के जरिए संपर्क कर रहे थे और हर घंटे लोकेशन बदल रहे थे। आरोपियों ने भिवानी में फिरौती देने की शर्त रखी और तीन लोगों को ही रकम लेकर आने के निर्देश दिए।
पुलिस ने पूरे मामले को गोपनीय रखते हुए डीएसटी, कोतवाली थाना, रतननगर थाना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त टीम बनाई। 48 घंटे तक लगातार पीछा करते हुए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन हरियाणा में ट्रेस की गई। पुलिस ने इस मामले में सीकर के रामगढ़ शेखावाटी निवासी मनोज व्यास व मध्यप्रदेश के आशीष पांचाल को गिरफ्तार किया और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ऑपरेशन के दौरान एसआई किशनाराम विश्नोई ने कांस्टेबल नवीन कुमार और ओमप्रकाश के साथ ब्लैक बुर्का पहनकर महिला का रूप धारण किया और आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद अपहर्ताओं को भरोसा दिलाने के लिए एसआई किशनाराम ने सफेद चोला-पजामा पहनकर सिर पर साफा बांधा और वीडियो कॉल के जरिए अपहृत को विश्वास दिलाया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
Updated on:
23 Apr 2026 05:32 pm
Published on:
20 Apr 2026 06:58 pm
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
