23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: चूरू जिले में भीषण सड़क हादसा, बारात जा रहे 3 लोग जिंदा जले, 5 लोगों की हालत गंभीर

राजस्थान के चूरू जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसके बाद वाहनों में आग लग गई। हादसे में तीन लोग गाड़ी के अंदर ही जिंदा जल गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

2 min read
Google source verification

चूरू

image

Kamal Mishra

Apr 23, 2026

CHURU Fire Accident

गाड़ियों में लगी आग (फोटो-पत्रिका)

चूरू। पिलानी-सादुलपुर सड़क पर स्थित गांव थिरपाली छोटी और थिरपाली बड़ी के बीच गुरुवार देर रात करीब 10 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो जीप और डंपर की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही हमीरवास थाना अधिकारी राय सिंह सुथार, एएसपी रिछपाल सिंह तथा आईपीएस अभिजित पाटील पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को सूचना देकर तुरंत बुलाया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को डायवर्ट कर निकालने की व्यवस्था भी की।

हादसे का वीडियो देखें :

तीन लोग गाड़ी में ही जिंदा जले

थाना अधिकारी के अनुसार इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बारात में जा रही थी बोलेरो

फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जलती हुई गाड़ियों में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बोलेरो चूरू नंबर की थी और सिधमुख क्षेत्र से सवारियां पिलानी बारात में जा रही थी।

मृतकों की नहीं हो पाई पहचान

फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था, वहीं पुलिस राहत कार्य के साथ-साथ हादसे की जांच में जुटी हुई है।