6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कार व कंटेनर की भीषण टक्कर, कार सवार दंपती व नवजात की मौत

राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित श्योपुरा गांव के निकट एक कंटेनर व कार में खतरनाक भिड़ंत हो गई।
2 min read
Google source verification
churu news

कार व कंटेनर की भीषण टक्कर, कार सवार दंपती व नवजात की मौत

सादुलपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित श्योपुरा गांव के निकट एक कंटेनर व कार में खतरनाक भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में कार में सवार पति-पत्नी एवं छह माह के नन्हे बच्चे की मौत हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए तथा कार खेतों में जा गिरी। हादसे में सूरतपुरा निवासी उम्मेदसिंह का परिवार उजड़ गया। घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। इस पर एनएच-52 के पेट्रोल ऑफिसर सुनील सुथार ने अपने कार्मिकों एवं जेसीबी मशीन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक घंटे बाद सड़क पर यातायात बहाल करवाया। इससे पहले सुनील सुथार ने अपने कार्मिकों व अन्य वाहन चालकों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला तथा पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया तथा चिकित्सकों ने दोनों महिला एवं बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल एक युवक को हिसार रैफर कर दिया गया जिसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

हरियाणा के सिढ़ाण जा रहा था युवक
गांव सूरतपुरा निवासी उम्मेदसिंह का पुत्र मनवीर (26) अपनी पत्नी अनिता (25) व अपने छह माह के नवजात बच्चे को अपनी कार में लेकर ससुराल हरियाणा के गांव सिढ़ाण जा रहे था। कार जैसे ही श्योपुरा गांव के पास हाइवे पर पहुंची तो सामने से आ रहे एक कंटेनर चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। जिससे कार में सवार तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने घटना का मौका-निरीक्षण किया। वहीं मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने उम्मेदसिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ कंटेनर को लापरवाही से चलाने एवं उसके बेटे की कार को टक्कर मारने का मामला दर्ज किया है।

गांव में छाया शोक
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक छा गया तथा सरकारी अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक मनवीर के परिजनों एवं मित्रों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।

इकलौता पुत्र था मनवीर
मृतक मनवीर की शादी एक वर्ष पूर्व जनवरी में हुई थी। मृतक मनवीर अपने पिता का इकलौता पुत्र था। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के इस दंपती की मृत्यु होने से संपूर्ण गांव में शोक व्याप्त हो गया।

मोटरसाइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
सादुलपुर. अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। हमीरवास थानाधिकारी राकेश सांखाला ने बताया कि गांव पांडासी थाना मलसीसर जिला झुंझुनूं निवासी नत्थूसिंह ने देर शाम को मामला दर्ज करवाकर बताया कि उसका छोटा भाई कालू सिंह उम्र 32 वर्ष मोटरसाइकिल लेकर शुक्रवार देर शाम को अपने ससुराल जा रहा था। जैसे ही सांखू कस्बे के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए उसके भाई की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिस कारण उसके गंभीर चोटें लगने से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने घटना का मौका निरीक्षण किया तथा मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया तथा धारा 174 अन्तर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।