
# विधानसभा चुनाव . पहले दिन जिले में केवल एक नामांकन दाखिल
चूरू.
विधानसभा चुनाव के लिए सोववार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। लेकिन पहले दिन चूरू विधानसभा में एक भी नामांकन नहीं हुए। वहीं जिले की छह विधानसभाओं में से केवल रतनगढ़ में एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। वहीं कांग्रेस व भाजपा के अन्य उम्मीदवार टिकट की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्तानंद अग्रवाल ने बताया कि 12 नवम्बर को लोक सूचना जारी होनेे के साथ ही अभ्यार्थियों द्वारा नाम निर्देशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नाम निर्देशन पत्रों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 19 नवम्बर को दोपहर तीन बजे तक है तथा 18 को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 20 नवम्बर को की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 22 नवम्बर को दोपहर तीन बजे तक है। मतदान की तिथि सात दिसम्बर है। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 11 दिसम्बर को मतगणना होगी।
आज बीकानेर में राज्य मुख्य चुनाव आयुक्त लेंगे बैठक
वहीं चुनाव तैयारियों की समीक्षा को लेकर राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त आनंदकुमार बीकानेर में संभाग की बैठक लेंगे। इसमें संभाग के सभी जिलों को जिला निर्वाचन अधिकारी भाग लेंगे। निर्वाचन आयुक्त अब तक की गई चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
प्रत्याशी ने किया नामांकन दाखिल
रतनगढ़. विधानसभा चुनाव २०१८ को लेकर रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सोमवार को अभिनव राजस्थान पार्टी के प्रत्याशी बंशीलाल राजपुरोहित ने रिटर्निंग अधिकारी संजू पारीक को अपना नामांकन सौंपा।
राजपुरोहित रेलवे स्टेशन से अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में रवाना होकर गढ़ परिसर पहुंचे। रिटर्निंग अधिकारी संजू पारीक को रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से उक्त पार्टी से चुनाव लडऩे के लिए नामांकन दाखिल कराया। नामांकन प्रक्रिया की ली जानकारी
सुजानगढ़. विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन पत्र भरने की अवधि शुरू होने के पहले दिन सोमवार को किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। हालांकि नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन व पुलिस अधिकारी तैयार नजर आए। मगर कोई उम्मीदवार या समर्थक नामांकन के लिए नहीं पहुंचा। जबकि नामांकन प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। बीदासर प्रधान संतोष मेघवाल ने भी एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली। इस बार पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए है। राजाजी की कोठी के मुख्य द्वार पर दरवाजा लगाया है। दुपहिया व चौपहिया वाहनों को अंदर नहीं जाने दिया गया। इस कारण डाक बंगले के आस-पास वाहनों की कतारें लग गई।
नहीं भरा नामांकन
तारानगर. विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। रिटर्निंग अधिकारी मीनू वर्मा ने बताया कि प्रथम दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। १९ नवम्बर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। विधान सभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र एसडीएम कार्यालय में भरवाए जाएंगे।
जिले में दो व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त
भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव 2018 के तहत जिले में निर्वाचन संबंधी कार्यों पर निगरानी के लिए 22 नवंबर से सात दिसंबर तक के लिए दो व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्तानंद अग्रवाल ने बताया कि भारतीय राजस्व सेवा (आईटी) के विजय कुमार सिंह को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र चूरू, रतनगढ़ व सुजानगढ़ में व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इनके मोबाइल नम्बर 9530352678 हैं। उन्होंने कहा कि व्यय पर्यवेक्षक को जिले का कोई भी व्यक्ति एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि चुनाव आयोग से संबंधित मामलों में अपने सुझाव व शिकायत दर्ज करवा सकता हैं। इसी प्रकार आईआरएस रघुराम को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सादुलपुर, तारानगर व सरदारशहर में केन्द्रीय व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है जिनके मोबाईल नम्बर 95303526 74 है जिसपर चुनाव संबंधी कोई भी शिकायत की जा सकती है।
Published on:
13 Nov 2018 01:07 pm
