
मूंग खरीद शुरू करने को लेकर किसानों का प्रदर्शन
सादुलपुर. राजस्थान किसान सभा तहसील कमेटी कार्यकर्ताओं ने मूंग खरीद शुरू करने की मांग कर जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से प्रारंभ जुलूस मुख्य मार्गों से होता हुआ मिनी सचिवालय पहुंचा। जुलूस में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया गया। कुरड़ाराम दमिवाल ने कहा कि किसानों के साथ न्याय करने के नाम पर सरकार ने अचानक दूसरी बार समर्थित मूल्य पर खरीदे जाने वाले मूंग खरीद बंद कर दी। जो किसानों के साथ धोखा है तथा सरकार की घोषणानुसार किसानों ने ऑनलाइन कूपन कटवाकर प्रतिकूपन तीन सौ रूपये से भी अधिक खर्च किए हैं तथा क्षेत्र के 4100 किसान मूंग तुलाई से वंचित रह गए हैं। इस अवसर पर एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में समर्थित मूल्य पर मंूग खरीद शुरू करने, बिना वजन सीमा के किसानों का अनाज की खरीद लगातार जारी रखने, कृषि उपज मंडी में स्थित किसान विश्राम गृह में आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाने तथा किसानों के लिए हर समय खुला रखने, समर्थित मूल्य पर खरीदे गए अनाज का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में हरिसिंह कुलडिय़ा, रतनसिंह पूनिया, राज पाल, हरसिंह बुडानिया, जयसिंह, वीरसिंह, शेरसिंह, शीशराम, छगन आदि शामिल थे।
Updated on:
17 Jan 2019 04:24 pm
Published on:
17 Jan 2019 04:24 pm
