
शहर में मिला स्वाइन फ्लू का एक और मरीज, शांति नगर में 14 वर्षीय रोहित के स्वाइन फ्लू
चूरू
जिले में स्वाइन फ्लू का प्रकोप दिनो-दिनों बढ़ता जा रहा है। इस साल 10 दिन में ही जिले में पांच पॉजीटिव केस आ चुके हैं। इसमें से चार चूरू तहसील से हैं एक बीदासर से। हालांकि अभी तक सभी का स्वास्थ्य सही बताया जा रहा है। बीदासर में आठ माह का शिशु जयपुर में उपाचाराधीन हैं। चूरू में सभी मरीज घर पर ही हैं। सभी के स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।
शनिवार को शहर के वार्ड 14 स्थित शांति नगर में 14 वर्षीय बालक रोहित के स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। बीसीएमओ डा. इदरीश खान ने बताया कि चिकिचत्सा विभाग से सूचना मिलने पर टीम मोहल्ले में भेजी गई है। करीब 50 घरों का सर्वे किया गया है। इसके अलावा मरीज के परिवार के छह लोगों को टेमीफ्लू दवा दी गई। एक बच्ची का डीबीएच में सैंपल लिया गया। डीबीएच के स्वाइन फ्लू वार्ड के प्रभारी डा. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि अस्पताल में नौ जनवरी को कुछ सैंपल जांच के लिए बीकानेर भेजे गए थे जिसमें से एक सैंपल पॉजिटिव मिला है। अस्पताल से बच्चों की देखरेख के लिए शिशुरोग विशेषज्ञ डा. अभिनव सरीन व नर्सिंग स्टाफ सुभाष प्रजापत को भेजा गया। डा. सरीन ने बताया कि मरीज के स्वास्थ्य में सुधार है। अन्य बच्चों को सर्दी-जुकाम की रोकथाम संबंधी दवा दी गई है।
भरतिया अस्पताल के जिला जन स्वास्थ्य लैब के प्रभारी डा. भावेश जैन ने बताया कि इस महीने लैब से 29 सैंपल भेजे गए जिसमें से अब तक तीन पॉजीविट आ चुके हैं। 17 नेगेटिव आए हैं। 12 की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने बताया कि जितने भी मरीज पॉजीटिव मिले हैं उनके परिवार में दूसरा कोई भी पॉजीटिव नहीं आया। टीम सर्वे कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मरीजों के परिजनों को दवाएं दी जा रही हैं। सभी अस्पतालों में स्क्रानिंग करवाई जा रही है। जनवरी 20१8 से अब तक १८ मरीज पॉजिटिव आ चुके हैं।
32 घरों का किया सर्वे
बीदासर. वार्ड 15 में आठ माह के शिशु हिमांशु के जेके लोन अस्पताल में गुरुवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। शिशु अब अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। जिसकी हालात में शुक्रवार तक कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को वार्ड 15 में सीएचसी की गठित टीम ने ३२ घरों में सर्वे किया। सीएचसी प्रभारी डा. राजेश गुप्ता ने बताया कि सर्वे के दौरान सात रोगी सामान्य सर्दी जुखाम खांसी के मिले जिनको टीम ने दवाइयां दी है।
Updated on:
11 Jan 2019 10:54 pm
Published on:
11 Jan 2019 10:48 pm
