
गुडावड़ी में पुलिस पर जानलेवा हमला, जुए की जब्त राशि भी लूटी
सुजानगढ़.
गत आठ नवंबर को गांव गुडावड़ी में झंडीमंडी का जुआ चलने की सूचना मिलने पर कार्रवाई के लिए पहुंची सालासर पुलिस पर जानलेवा हमला किया गया। जब्त की गईराशि भी लूट ली गई। मगर पुलिस ने तीन दिन बीतने के बावजूद अब तक इसकी किसी को खबर तक नहीं लगने दी। आठ नवंबर को सालासर थानाधिकारी कश्यपसिंह व उनके साथ गई पुलिस टीम ने आरोपियों के विरुद्ध मामला (एफआईआर नंबर 130) दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक सालासर से तीन किमी दूर गांव गुडावड़ी में झंडी-मंडी के जुए की रोकथाम के लिए गई थी। पुलिस के अनुसार गांव में भागीरथ के घर के आगे सड़क पर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिसकर्मी प्रमोद, संपत, मुकेश व नेमीचंद के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर रहे थे इस दौरान भागीरथ व उसकी पत्नी, अनिल व एक दर्जन ग्रामीणों ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान जुआ खेल रहे चारों युवकों ने भी पुलिसकर्मियों से मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने चारों युवकों को मौके से भगा दिया। एफआईआर के अनुसार लोगों ने थानाधिकारी के फर्द कागजात, जब्त किए गए जुए के उपकरण, लाल पर्दा, काला गोल डिब्बा, प्लास्टिक की पीली गोटियां व चार हजार 8 00 रुपए लूट लिए। एफआईआर के अनुसार भागीरथ ने अपनी पत्नी को अपने कपड़े फाड़ लेने, थानेदार पर गिरने व अन्य लोगों ंको वीडियो बनाने, केरोसीन लाने व सरकारी जीप को जलाने के लिए उकसाया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार कम पुलिसकर्मी व रात होने के कारण पुलिस को बिना आरोपियों को गिरफ्तार किए बैरंग लौटना पड़ा।= पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भादसं की धारा 307, 332, 353, 352, 224, 225, 143, 149 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सुजानगढ़ थानाधिकारी दरजाराम कर रहे हैं। थानाधिकारी कश्यपसिंह ने एफआईआर में दर्ज तथ्यों के अलावा अधिक बताने से इंकार कर दिया। गौरतलब है कि आरोपी भागीरथ युवक कांग्रेस का जिलाध्यक्ष रह चुका है।
गुडावड़ी गांव के मामले का मैंने मौका देखकर जानकारी ली है। मामले की जांच जारी है।
दरजाराम, जांच अधिकारी, थानाधिकारी, सुजानगढ़
Published on:
11 Nov 2018 12:19 pm
