
churu yoga news
चूरू. अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस गुरुवार को जिले भर में मनाया गया। सभी उपखंड मुख्यालयों के अलावा जिले की 254 ग्राम पंचायतों में योगाभ्यास किया गया। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बागला स्कूल खेल मैदान (लोहिया क्रीड़ा स्थल) में सुबह 6 .30 बजे से आठ बजे तक शहर के अनेक लोगों ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के मुख्य आतिथ्य में योगाभ्यास किया। मंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नही, बल्कि स्वस्थ तन-मन का परिचायक है। उन्होंने कहा कि योग स्वयं, विश्व एवं प्रकृति के साथ एकत्व खोजने का एक खूबसूरत भाव है जिसे योगिक क्रियाओं के जरिए ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन में योग के महत्व को अंगीकार करें एवं शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होकर सकारात्मक सोच को विकसित करें ताकि समाज एवं देश का सर्वांगीण विकास हो सके।
सांसद राहुल कस्वां ने कहा योग व्यक्ति को अनेक बीमारियों से बचाने का काम करता है। इस हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए। योगाचार्य डा. मनोज शर्मा के नेतृत्व में स्कूली छात्र-छात्राएं, सरकारी एवं निजी संस्थाओं के अधिकारी व कार्मिक, बैंकर्स, पेंशनर्स, पुलिस कार्मिक, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, पतजंलि योग संस्था, व्यापार संघ, जनप्रतिनिधियों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने एकाग्रचित होकर सामूहिक योग किया।
इस मौके पर जिला कलक्टर मुक्तानंद अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार, सीईओ राजपालसिंह, एसीईओ रामरतन सौंकरिया, उपखण्ड अधिकारी श्वेता कोचर, आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक अशोक शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. वासुदेव चावला, सभापति विजय कुमार शर्मा, ओम सारस्वत, जिला परिषद सदस्य धर्मेन्द्र बुडानिया, लोहिया कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. मधुरिमा भारद्वाज, लॉ कॉलेज के प्रिंसिपल डा. श्रवण कुमार, जिला खेल अधिकारी ईश्वरसिंह लांबा, डा. कमल वशिष्ठ, डा. पवन जांगिड़, डा. संजय तंवर, डा. धमेन्द्र शर्मा, दीनदयाल सैनी, सुशील लाटा, शीशराम हर्षवाल, सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कार्मिक, खिलाड़ी, स्काउट-गाइड्स, एनसीसी, महिला पुरूष एवं बच्चों ने सामुहिक योगाभ्यास कर गौरान्वित महसूस किया।
इस अवसर पर चूरू शहर के योगी बच्चों ने ध्यान योग के जरिए त्रि-नेत्र जागरण का प्रदर्शन किया जिसका उपस्थित योग साधकों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। योग समारोह स्थल पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लड, बीपी, सुगर की नि:शुल्क जांच की गई।
Published on:
21 Jun 2018 10:58 pm
