
तूफान ने किसान की मेहनत पर फेरा पानी, कलक्टर पहुंचे खेतों में
चूरू. रविवार को 100 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान ने जिले में फसलों को बड़े स्तर पर बर्बाद कर दिया। सोमवार को जिला कलक्ट संदेश नायक तूफान की बर्बादी का हाल जानने के लिए 41 डिग्री तापमान में टोपी लगाकर सरदारशहर व तारानगर क्षेत्र के गांवों में पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और पीडि़त किसानों से बातचीत की। कलक्टर नायक पहले तारानगर क्षेत्र के गांवों में पहुंचे और यहां मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया। तारानगर क्षेत्र में उन्होंने खरतवास, लूणास, रैयाटुंडा गांवों के किसानों से बातचीत की और उनके खेतों में नुकसान का मुआयना किया। किसानों ने बताया कि काटी गई चने, सरसों की फसल का अंधड़ सेे ज्यादा नुकसान हुआ है।इस दौरान जिला कलक्टर किसानों को बताया कि वे 72 घंटों मेंं बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर फोन करके अपने नुकसान की रिपोर्ट करें और अपना पंजीयन करा लें ताकि नियमानुसार उन्हें बीमा क्लेम मिल सके। उन्होंने बताया कि अंधड़ के कारण कुछ किसानों को नुकसान हुआ है और संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता से पीडि़त किसानों के साथ है।
इसके बाद कलक्टर सरदारशहर क्षेत्र के गांव नैयासर, उड़सर, उड़सर भेभरा आदि गांवों में मौका मुआयना किया। इस दौरान तारानगर तहसीलदार तेजपाल गोठवाल, सरदारशहर तहसीलदार बृजेश मंगल सहित संबंधित गिरदावर, पटवारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे। जिला कलक्टर ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में गिरदावर व पटवारियों की टीम को भेजा गया है तथा नुकसान के आकलन व किसानों में बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसान अपने नुकसान की सूचना निर्धारित समय में भेज सके।
जिला कलक्टर ने किसानों से अनुरोध किया है कि आंधी की वजह से जो नुकसान हुआ है उसकी रिपोर्ट एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं। कंपनी के टोल फ्री नंबर 0141-2545227 पर नुकसान की सूचना दर्ज कराएं। इसके लिए कंपनी के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार के मोबाइल नंबर 8 6 96 9436 8 7 पर भी संपर्क किया जा सकता है। किसान अपने केसीसी अकाउंट नंबर, फार्मर आईडीए फसल का नाम, नुकसान होने का समय, बैंक डिटेल आदि जानकारी फोन पर दें तथा तथा बाद में संबंधित बैंक में इसके लिए लिखित मेंं सूचना दें।
साहवा. रविवार आई आंधी से किसानों के खेतों में बर्बाद हुई फसलों का जिला कलक्टर संदेश नायक व जनप्रतिनिधियों ने जायजा लिया। तारानगर तहसील के दर्जनों गांवों में आंधी से बर्बाद हुई है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एंव आपदा राशि के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष महावीर पूनिया ने गांव धीरवासबड़ा, डाबड़ी छोटी, बड़ी, मेघसर, झाड़सर गंजिया आदि कई गांवों में किसानों से सम्पर्क कर उनकी बर्बाद फसलों का जायजा लिया।
Published on:
09 Apr 2019 02:37 pm
