
churu crime news
चूरू.
ससुर ने आधी रात पुत्रवधु पर चाकू से हमला कर दिया। विवाहिता राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल में भर्ती है। वहीं बाद में ससुर की जहर खाने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद ससुर का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं इस मामले में विवाहिता ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि दुष्कर्म का विरोध करने पर ससुर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस के अनुसार मामला सोमवार रात शहर के वार्ड छह में हुआ। विवाहिता का पति पिछले करीब पांच दिन से मजदूरी करने के लिए जयपुर गया हुआ है। विवाहिता घर में अकेली थी। आरोप है कि ससुर रात करीब 11 बजे घर में आया। उसने पुत्रवधु से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। विवाहिता इस बीच दौड़कर घर से बाहर आ गई। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। बाद में लोगों को ससुर के जहर खाने की जानकारी हुई। ससुर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में विवाहिता के पर्चा बयान के आधार पर महिला थाने में दुष्कर्म के प्रयास व हमले का मामला दर्ज किया गया है। वहीं ससुर की मौत पर उसके भाई ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया कि वह रात को खाना खाकर अपने बेटे के घर गया था। रात करीब दो बजे भाभी ने जहर खाने की जानकारी दी। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गयाए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उलझा है मामला
विवाहिता पर हमला और ससुर की जहर से मौत का मामला अभी तक उलझा हुआ है। पुलिस भी अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रही है। इस मामले में महिला थानाधिकारी राजकुमार राजौरा का कहना है कि महिला के पर्चा बयान के आधार पर दुष्कर्म के प्रयास व हमले का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अभी तक नक्शा मौका भी नहीं बनाया है। जांच के बाद ही स्थिति का खुलासा हो सकेगा। वहीं शहर कोतवाल रमेश सर्वटा का कहना है कि जहर खाने से मौत के मामले में मृग रिपोर्ट दर्ज की गई है। जहर किन परिस्थितियों में खाया गया या फिर खिलाया गया। जांच के बाद ही स्थिति का खुलासा हो सकेगा।
Published on:
24 Jul 2018 10:25 pm
