
बच्चों के बीच पहुंचे नए कलक्टर, किया संवाद पहनाए बैज
चूरू.
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को नव मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने भावी मतदाताओं से संवाद किया। इन्ट्रेक्टिव स्कूल एन्गेजमेन्ट प्रोग्राम के तहत हुए कार्यक्रम में नव मतदाताओं को मतदान का महत्व समझाया और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए भावी जागरूक मतदाता का बैज भी पहनाया गया।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहानी के माध्यम से बच्चों को मतदान प्रक्रिया और लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत में विश्व का सबसे समृद्घ लोकतंत्र है जहां बिना किसी भेदभाव के निश्चित आयु के बाद मतदान का अधिकार है। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी श्वेता कोचर ने उपस्थित बच्चों को लोकतंत्र में भागीदारी के लिए चुनाव प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नए वोटर बनने की प्रक्रिया को समझाया। कार्यक्रम में तहसीलदार महिपालसिंह राजावत भी मौजूद थे।
मतदान बूथ बदलने का निर्णय
सुजानगढ़. शहरी क्षेत्र के मतदान केन्द्र के बूथ परिवर्तन पर विचार विमर्श के लिए राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों व बीएलए की तहसील कार्यालय में बैठक हुई। तहसीलदार जगदीश प्रसाद माहीच की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपस्थित जनों ने दीप बाल मन्दिर स्कूल के मतदान केन्द्र के एक बूथ को मतदाताओं की सुविधाजनक स्थल पर अन्यत्र स्थानान्तरित करने का सुझाव दिया।
इसी प्रकार बूथ नम्बर 18 5 को राजकीय जाजोदिया उमावि में स्थापित करने की बात बीएलए ने कही। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सविता राठी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामअवतार मंगलहारा, भाजपा नगर अध्यक्ष भंवरलाल काछवाल, प्रतिपक्ष नेता बुद्धिप्रकाश सोनी, भाजयुमों मोर्चा नगर अध्यक्ष विजय चौहान, मदनलाल भारी, दिनेश पीपलवा, मनीष दाधीच, भू अभिलेख निरीक्षक शिवकुमार सूंठवाल मौजूद थे।
Updated on:
18 Jan 2019 11:36 am
Published on:
18 Jan 2019 11:27 am
