
पुस्तकालय में अध्ययन करती छात्राओं की फोटो: पत्रिका
Rajasthan Government Schemes For Students: राजस्थान सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के उपलब्ध करवाई जा रही शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं उनके लिए वरदान बन रही है। जिसके क्रम में चूरू जिले की बीदासर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत तेहनदेसर में स्थापित अटल ज्ञान केन्द्र (पुस्तकालय) ग्रामीण युवाओं की उम्मीदों को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। पूर्व में तेहनदेसर में उच्च माध्यमिक विद्यालय और कॉलेज होने के बावजूद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय जैसी आधुनिक सुविधा उपलब्ध नहीं होने से उन्हें शहरों की ओर जाना पड़ता था, जिससे आर्थिक और समय संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
कई आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर थे। लेकिन प्रदेश सरकार की अटल ज्ञान केन्द्र योजना के तहत अध्ययन केन्द्र विकसित होने पर युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
सरकार की और शिक्षा, युवा सशक्तीकरण एवं डिजिटल राजस्थान की सोच को धरातल पर उतारते हुए ग्राम पंचायत तेहनदेसर में 24 सितंबर, 2025 को अटल ज्ञान केन्द्र की स्वीकृति जारी की गई और रिकॉर्ड समय में 30 जनवरी, 2026 को इसका निर्माण पूर्ण कर संचालन शुरू किया गया है। 24 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस आधुनिक पुस्तकालय में 4 कम्प्यूटर स्थापित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन एवं डिजिटल सामग्री की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
ग्राम पंचायत द्वारा पुस्तकालय में सीसीटीवी कैमरे, एयर कंडीशनर तथा स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल अध्ययन वातावरण मिल सके। साथ ही नियमित मेंटेनेंस और निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में अटल ज्ञान केन्द्र की सभी सीटें पूर्ण रूप से भरी हुई हैं। तेहनदेसर सहित आसपास के गांवों के विद्यार्थी अब अपने गांव में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इससे न केवल समय और धन की बचत हो रही है, बल्कि ग्रामीण युवाओं में आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल भी विकसित हुआ है। ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं शिक्षा उन्मुख नीतियों ने गांवों के युवाओं को नई उम्मीद और बेहतर भविष्य का अवसर प्रदान किया है
Published on:
18 May 2026 10:04 am
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
