
Robbers Arrested
चूरू। बैंके से नकदी लाते समय आप भी सावधान हो जाएं। लूटेरे दिन दहाड़े किसी भी घटना को अंजाम दे सकते हैं। कुछ ऐसा ही चूरू शहर में देखने को मिला है, जहां किसान से नकदी रखे बैग को छीनकर भागने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मध्यप्रदेश के कडिय़ा गांव में दबोच लिया। पुलिस पुछताछ में आरोपितों ने वारदात करना कबूल कर लिया है।
नकदी रखे बैग को छिनकर भागे थे आरोपित
एक किसान से 1 लाख 90 हजार रूपये की नकदी छिनकर ले जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। थानाधिकारी पुष्पेन्द्र झाझडिय़ा ने बताया कि सोमवार को भोजासर बड़ा निवासी सत्यनारायण उर्फ संतुराम ब्राह्मण ने पुलिस में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि वह सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख नब्बे हजार रूपये निकाल कर गांव जाने के लिए कच्चा बस स्टैण्ड पैदल जा रहा था। इस बीच दो युवक अचानक आए और झपट्टा देकर रूपयों सहित थैले को छिनकर फरार हो गए। वारदात घटित होने के दौरान पीड़ित चिल्लाता रह गया। लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। राहगीर भी आसपास नजर नहीं आए। इसके बाद थक कर पीड़ित ने थाने पहुंचकर आप बीती बताई। पीड़ित की बात सुनकर पुलिस ने लूटेरों की तलाश शुरू की। लेकिन लूट की रकम लेकर आरोपित भागने में कामयाब हो गए।
गठित पुलिस टीम ने आरोपितों को दबोचा
इस घटना के बाद थानाधिकारी ने एसआई मलकित सिंह, हैडकांस्टेबल धर्मपाल, कांस्टेबल रमेश कुमार व किशनलाल की टीम गठित की गई। इस टीम ने एमपी राजगढ के कडिय़ा गांव के लक्ष्मणसिंह सांसी व राजू सांसी को उनके गांव से धर दबोचा। इसके बाद थाने लाकर दोनों आरोपितों को पुछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पुछताछ में दोनों आरोपितों ने रूपया छिनने की घटना कबुल किया है। पुलिस अब आरोपितों से पुछताछ करने में लगी है, जिनसे और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
Published on:
04 Jul 2018 09:25 pm
