
बंद मकानों पर चोरों की नजर, ले गए लाखों
रतनगढ़. शहर में वार्ड चार स्थित चेजारों के मोहल्ले में सेंध लगाकर चोर लाखों रुपए का सामान चुराले गए। पुलिस के मुताबिक वार्ड चार निवासी लियाकत आजीविका के लिए विदेश में रहता है। उसकी पत्नी तीन दिन से चूरू में बीमार अपनी भतीजी के पास गई हुई थी। इस दौरान किसी समय अज्ञात चोर कमरों के ताले तोड़कर १५ हजार रुपए नकद, करीब ४०० ग्राम के स्वर्ण आभूषण व एक किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। एक संदूक में रखे नए व महंगे कपड़े भी चुरा ले गए। लियाकत की पत्नी ने बताया कि उसने अपनी बेटियों की शादी के लिए बड़ी मेहनत से इतना सब एकत्रित किया था। इसी घर के पास स्थित सलीम के घर में गेटे से लेकर पूरी तरह जाल लगा हुआ है। इसके बावजूद ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर २० हजार रुपए नकद व करीब एक लाख रुपए कीमत के आभूषण व सामान चोरी कर ले गए। सलीम की पत्नी निम्बी जोधा स्थित अपने पीहर गई हुई थी। यहां से निकलते समय चोरों ने घर में पड़े दो नए तालों में से एक ताला बाहर के गेट पर लगा दिया। निम्बी जोधा से सलीम की पत्नी के आने के बाद पुलिस की उपस्थिति में ताला तोड़कर अंदर घुसकर मौका मुआयना किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों मामले दर्ज नहीं हुए।
बिजली तार चोरी करने के आरोपियों को भेजा जेल
सादुलपुर. हमीरवास थानापुलिस ने बिजली के तार चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। थानाधिकारी अमित स्वामी ने बताया कि थिरपाली बड़ी निवासी विक्रम उर्फ विक्की तथा दलिप को न्यायालय में पेश किया। जहां न्यायाधीश ने आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। इसके अलावा अवैध हथियार सहित इसी मामले में गिरफ्तार आरोपी पिलानी थाने के गांव भगेना निवासी बलराम उर्फ बल्लू ( २६) को पहले ही जेल भिजवाया जा चुका है। थानाधिकारी ने बताया कि दो दिन के पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि १५ फरवरी की रात पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीनों आरोपितों को बिजली के दस क्विंटल चोरी के तारों सहित गिरफ्तार कर पिकअप जीप को जब्त किया था तथा तीसरे आरोपित बलराम उर्फ बल्लू के कब्जे से अवैध कट्टा भी बरामद किया था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
बंद मकान में चोरी, जेवरात व रुपए पार
सरदारशहर. रविवार रात को चोरों ने वार्ड 33 स्थित एक घर में सेंध लगाकर नगदी व जेवरात पार कर ले गए। सूत्रों के अनुसार वार्ड 33 निवासी मनोज कुमार सोनी अपने परिवार के साथ अपने गांव बुकनसर पारिवारिक समारोह में गया हुआ था। सोमवार को शाम 4 बजे वापस आए तो घर में कमरों के ताले टूटे मिले। अन्दर जाकर सामान को संभाला तो पांच हजार रुपए नगद व सोने-चांदी के जेवरात नहीं मिले। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया तथा चोरों की तलाश शुरू की।
Published on:
19 Feb 2019 12:48 pm
