
churu news
चूरू.
जिले में रविवार को हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सीकर जिले के रामगढ़ कस्बे के पास स्थित एक होटल के पास रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक जने की मौत हो गई। बाइक सवार दूसरा युवक घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक सीकर जिले के फतेहपुर में वार्ड पांच निवासी बाइक सवार मोहम्मद सेफ (19) व मो. वाजिद (1६) चूरू में अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में आ रहे थे। इस दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से मो. सेफ की मौत हो गई। मृतक के शव व घायल युवक वाजिद को चूरू राजकीय भरतिया अस्पताल में लाया गया। रामगढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल से घटनाक्रम की जानकारी ली।
डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की मौत
सुजानगढ़. राष्ट्रीय राजमार्ग ६५ पर रेलवे फाटक नंबर दो के पास शनिवार रात डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक रेलवे फाटक नंबर दो के पास ऑटो चालक वार्ड 39 निवासी अख्तर (45) ऑटो खड़ा करके उसमें बैठा था। इस दौरान पीछे से आए डंपर की टक्कर से ऑटो चालक गंभीर घायल हो गया। उसे राजकीय अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात को शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भांजे एजाज की रिपोर्ट मिलने पर डंपर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए।
खेत में काम के दौरान मौत
चूरू. दूधवाखारा थाना इलाके के गांव इंद्रपुरा के पास खेत में शनिवार को काम के दौरान एक जने की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक गांव इंद्रपुरा निवासी प्रहलाद सिंह (55) शनिवार को सुबह काम करने के लिए खेत गया था। देर तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजन तलाश करते हुए शाम करीब छह बजे खेत में पहुंचे। इस दौरान खेत में बने कुंड के पास प्रहलाद सिंह मृत अवस्था मिला। मृतक के बेटे सतवीर ने किसी जहरीले जानवर के काटने या अकस्मात किसी कारण से मौत होने की आशंका जताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Published on:
06 Aug 2018 11:10 am
