
अभिषेक शर्मा (फोटो- IANS)
T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के जिस बल्लेबाज से दुनिया के गेंदबाज खौफ खाते थे, उसका अब तक खाता तक नहीं खुला है। अभिषेक शर्मा शुरुआती तीनों मैचों में जीरो पर आउट हुए हैं। हालांकि, भारतीय टीम सुपर 8 में पहुंच चुकी है और ग्रुप A में उसे कोई हार नहीं मिली है, लेकिन अब सुपर 8 में अगर उनका बल्ला नहीं चलता है तो टीम इंडिया की टेंशन बढ़ेगी।
इधर भले ही भारतीय टीम मैनेजमेंट, कोचिंग स्टाफ और खुद अभिषेक शर्मा अपनी फॉर्म को लेकर परेशान हों, लेकिन दूसरी ओर विरोधी गेंदबाज उन्हें हल्के में लेना नहीं चाहेंगे। वजह अभिषेक शर्मा की मौजूदा फॉर्म नहीं, बल्कि उनका रिकॉर्ड है। अभिषेक शर्मा वो बल्लेबाज हैं जो ज्यादा देर तक खामोश नहीं रहते। उन्होंने 6 जुलाई 2024 को डेब्यू किया था, जहां वह पहले ही मैच में 0 पर आउट हो गए थे, लेकिन अगले ही मुकाबले में उन्होंने धमाका कर दिया और सैकड़ा ठोका। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में वह फिर जीरो पर आउट हुए, लेकिन अगले ही मैच में उन्होंने ताबड़तोड़ 68 रनों की पारी खेली।
विशाखापट्टनम में न्यूजीलैंड के खिलाफ वह फिर बिना खाता खोले आउट हुए थे, लेकिन अगले मुकाबले में उन्होंने 30 रन ठोक दिए थे। ऐसे में ग्रुप स्टेज में USA, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ बिना खाता खोले आउट होने वाले अभिषेक शर्मा सुपर 8 में तबाही मचा सकते हैं।
उनके ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो अभिषेक शर्मा अब तक 41 मैचों की 40 पारियों में 192 के स्ट्राइक रेट से रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने आठ अर्धशतक और दो शतक की पारियां खेली हैं। साथ ही, उनके बल्ले से 88 छक्के और 130 चौके निकल चुके हैं। आपको बता दें कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप के सुपर 8 में अपना पहला मुकाबला 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 26 फरवरी को जिंबॉब्वे से मुकाबला होगा, जबकि 1 मार्च को टीम इंडिया वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।
Updated on:
21 Feb 2026 04:30 pm
Published on:
21 Feb 2026 04:30 pm
