
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। (photo - IPL 2026)
Ambati Rayudu slams Cricket Australia, Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का दूसरा मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में 220 रन बनाने के बाद भी केकेआर मैच हार गया। इसकी बड़ी वजह उनकी खराब गेंदबाजी थी।
जहां एक ओर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा रन चेज पूरा किया, वहीं अजिंक्य रहाणे की टीम एक गेंदबाज कम होने की वजह से मैदान यह मैच हार गई। केकेआर के ज़्यादातर गेंदबाज चोटिल हो गए हैं। वहीं 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को उनके घरेलू बोर्ड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने कुछ मैचों के लिए गेंदबाजी करने से रोक रखा है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस बेतुके फैसले पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने नाराजगी जताई है। ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी ग्रीन ने मुंबई के खिलाफ तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में 18 रन की पारी खेली। रन चेज के दौरान वह मैदान पर फील्डिंग भी कर रहे थे, लेकिन गेंदबाजी के लिए नहीं आए। खासकर ऐसी पिच पर जहां हल्की घास थी और तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी।
रायुडू ने ईएसपीएनक्रीकइन्फो पर बेबाकी से कहा, "क्या वो कवर ड्राइव खेल सकता है या नहीं? शायद उसकी कोहनी में चोट लग जाए। शायद उसे बस गेंद फ्लिक करना चाहिए।" भारतीय खिलाड़ी ने कहा, "यह बिल्कुल बेतुका है। जब कोई किसी टूर्नामेंट में खेलने आता है और आप उससे कहते हैं कि यह कर सकते हो, लेकिन वो नहीं, यह बकवास है। किसी पेशेवर माहौल में ऐसा नहीं चलता। मेरा मानना है कि यह फैसला खिलाड़ी पर छोड़ा जाना चाहिए। अगर वो एक प्रोफेशनल के तौर पर मैदान में उतर रहा है, तो उसे वो सब करने का हक है जो वो कर सकता है। खिलाड़ी खुद सबसे बड़ा जज होता है।"
नाराज रायुडू ने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा, "मेरी मां हमेशा चाहती थीं कि मैं हेलमेट पहनूं, लेकिन मुझे वो पसंद नहीं था। इसका मतलब यह तो नहीं कि मेरी मां कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन करके मुझे मैदान में भेजें और लिख दें कि 'यह खेल नहीं सकता, मेरे बेटे को चोट लग सकती है'।"
रायुडू के सुर में सुर मिलाते हुए पूर्व भारतीय लेग स्पिनर पीयूष चावला ने भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर निशाना साधा और पूछा कि क्या ऑस्ट्रेलिया के बिग बैश लीग (BBL) में भी विदेशी खिलाड़ियों के साथ ऐसा रवैया अपनाया जाता?
चावला ने कहा, "ठीक है, उनके बोर्ड ने कहा है कि वो कुछ मैचों में गेंदबाजी नहीं कर सकते। मैं बस यह जानना चाहता हूं कि अगर कोई ऑलराउंडर बिग बैश में जाए और उसके साथ भी यही शर्त रखी जाए कि वो बल्लेबाजी नहीं कर सकता या दौड़ नहीं सकता, तो क्या उसे प्लेइंग XI में जगह मिलेगी? मुझे नहीं लगता। तो फिर यहां ऐसा क्यों? बात इतनी सीधी है।"
छह विकेट की करारी हार के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे से ग्रीन की गेंदबाजी पर रोक को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने पूरा मामला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ मोड़ दिया। रहाणे ने कहा, "यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए। उम्मीद है कि ग्रीन जल्द गेंदबाजी शुरू करेंगे और तब हमारा कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग होगा।"
Published on:
30 Mar 2026 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
IPL 2026
