
भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे। (फोटो सोर्स: IANS)
Ajinkya Rahane retirement: अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी है। इसकी जानकारी रहाणे ने खुद इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट के माध्यम से दी है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने बताया कि अजिंक्य रहाणे का रिटायरमेंट भारतीय क्रिकेट में एक शानदार चैप्टर का अंत है। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियां उनके डेडिकेशन और उनके कमिटमेंट को याद कर प्रेरित होंगी। बता दें कि रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसके अलावा वह छह फ्रैंचाइजी के लिए 212 आईपीएल मैच भी खेले हैं।
इंस्टाग्राम पर अजिंक्य रहाणे ने एक वीडियो स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि जिंदगी की सच्चाई यह है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और मैंने हमेशा इसकी अहमियत को समझा है। अब मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट और सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करने का सही समय है।
उन्होंने आगे कहा कि शुरुआती दिनों से जब मैं एक छोटा लड़का था और सिर्फ प्रैक्टिस के लिए डोंबिवली से आता था, मैंने इस खेल में अपना सब कुछ दिया। हर एक दिन, हर पारी, हर मौके पर जब मुझे बैटिंग करने का मौका मिला, तो सपना हमेशा इंडिया कैप पहनने का था। मैं एक आसान नियम पर जीता था। हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से आगे रखना।
मैंने यह खेल पूरी ईमानदारी से खेला और मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अगर आपका इरादा सही है, तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखेगा। जब से मैंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर के तौर पर डेब्यू किया है, इंडियन क्रिकेट बहुत आगे बढ़ा है और मुझे पिछले 20 सालों में इसका हिस्सा होने पर बहुत गर्व है। एक इंडियन क्रिकेटर के तौर पर मेरा चैप्टर खत्म हो गया है, लेकिन खेल के साथ मेरा सफर खत्म नहीं हुआ है।
रहाणे ने अंत में कहा कि अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनने और जिंदगी भर की यादें बनाने की खुशी, यही मेरे करियर की सबसे बड़ी खुशी रही है। बीसीसीआई, एमसीए, मेरे टीममेट्स, मेरे कोच, हर आईपीएल फ्रेंचाइजी, राधिका, मेरे पूरे परिवार, मेरे दोस्तों और मेरे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। उन सभी क्रिकेट फ़ैन्स को बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया।
उन्होंने अपने नाम का मतलब बताते हुए कहा कि अजिंक्य का मतलब है जिसे हराया न जा सके, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हारते हुए दिखाया है। क्रिकेटर के तौर पर, हम सफल होने से ज्यादा बार असफल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी है, मैंने गलतियां की हैं, लेकिन एक जगह है जहां मैं कभी हारा नहीं और वह थी आपके दिल।
Updated on:
30 Jul 2026 10:58 am
Published on:
30 Jul 2026 10:33 am
