8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

AUS XI vs BAN: बांग्लादेश के 10 बल्लेबाज नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा, 54 रन पर ढेर हुई पूरी टीम, कैंपबेल थॉम्पसन ने झटके 8 विकेट

AUS XI vs BAN: ऑस्ट्रेलिया के मारारा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए अभ्यास मैच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI ने बांग्लादेश को पारी और 38 रन से हरा दिया। बांग्लादेश की दूसरी पारी महज 54 रन पर सिमट गई।
2 min read
Google source verification
Cricket Australia XI vs Bangladesh Cricket

कैंपबेल थॉम्पसन (फोटो- Cricket Australia X)

AUS XI vs BAN Warm Up Match Update: ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई बांग्लादेश क्रिकेट टीम को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है। डार्विन में खेले गए वॉर्म अप मैच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI ने बांग्लादेश को पारी और 38 रन से हरा दिया। ये ऑस्ट्रेलिया की दूसरे दर्जे की टीम थी, जिसने बांग्लादेश की सीनियर टीम का बुरा हाल कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने अपनी पहली पारी में 263 रन बनाए थे, जिसमें मेहदी हसन मिराज ने शानदार शतकीय पारी खेली। जवाब में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI ने अपनी पहली पारी में 355 रन बनाकर 93 रन की बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टीग वाइली ने 130 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कर्टिस पैटरसन और जैक डोरान ने अर्धशतक जमाए।

दूसरी पारी में ढह गई बांग्लादेश

इसके बाद दूसरी पारी में बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया की युवा गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम महज 22 ओवरों में 54 रनों पर ढेर हो गई। तंजीद हसन के अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। मेजबान टीम के तेज गेंदबाज कैंपबेल थॉम्पसन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 11 ओवरों में 2 मेडन फेंककर सिर्फ 8 रन देकर 8 विकेट चटकाए, जबकि कोरी रोचिसिओली को 2 सफलताएं मिलीं।

कौन है कैंपबेल थॉम्पसन?

22 साल के कैंपबेल थॉम्पसन को पहली बार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश (CA XI) की टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने अब तक सिर्फ 1 फर्स्टक्लास (First-Class) मैच खेला है, जिसकी दो पारियों में गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए हैं। लिस्ट-ए (List-A) क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड ज्यादा पुराना नहीं है और उन्होंने 2 मैचों में कुल 1 विकेट चटकाया है। बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में कुल 9 विकेट चटकाने वाले थॉम्पसन इससे पहले साल 2025 में कैनबरा में खेली गई प्राइम मिनिस्टर XI की ओर से इंग्लैंड XI के खिलाफ मुकाबला भी खेल चुके हैं।

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है, जो आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा है। पहला टेस्ट मैच 13 अगस्त से डार्विन में और दूसरा मुकाबला 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज से ठीक पहले बांग्लादेश का ऐसा निराशाजनक प्रदर्शन उनकी चिंताओं को बढ़ाने वाला है।