
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत। (फोटो सोर्स: एक्स@/BCCI)
Rishabh Pant Midnight Post: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत में उत्तराखंड में घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन दिलाने में मदद करने का अनुरोध किया है। उनका सपना उत्तराखंड में अपना घर बनाने का है। पंत फिलहाल दिल्ली को अपना बेस बनाए हुए हैं, लेकिन अब वह अपने मूल राज्य में घर बनाकर वहां अपना ठिकाना तैयार करना चाहते हैं। पंत ने ये भी कहा कि अगर जमीन उन्हें ‘गिफ्ट’ के तौर पर मिल जाए तो यह बहुत अच्छा होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह जमीन खरीदने के लिए तैयार हैं और सरकार रेट पर जमीन खरीद सकते हैं।
शुक्रवार को देर रात ऋषभ पंत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए लिखा, "नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का होने के नाते, मुझे यहाँ आए हुए काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए ज़मीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूँ, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। मेरी आपसे विनम्र विनती है कि ज़मीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल ज़मीन से जुड़े मामलों में स्पष्टता न होने के कारण यह बहुत मुश्किल काम हो गया है। इसके अलावा, एक ज़मीन का मामला भी अटका हुआ है जो मुझे राज्य को प्रमोट करने के बदले मिलनी चाहिए थी। इन सब बातों को एक तरफ रखकर, मैं बस अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहता हूँ और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहता हूँ। कृपया इस मामले पर ध्यान दें। 3 साल हो गए हैं और अभी तक कोई ज़मीन नहीं मिली है। आपके जवाब का इंतज़ार है।"
उन्होंने आगे लिखा, "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए कोई तोहफ़ा मिलना बहुत अच्छा होगा, लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं सरकार से सरकारी दरों पर ज़मीन खरीदना चाहता हूँ ताकि कम से कम मैं अपने राज्य में अपना पहला घर बना सकूँ। कृपया मदद करें। सच कहूँ तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे करूँ।
ऋषभ पंत ने उत्तराखंड से आकर दिल्ली में काफी मेहनत की और पहले घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया और उसी के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई। पंत 2022 में दिल्ली से उत्तराखंड लौट रहे थे, तभी सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए थे। वह लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहे और फिर उनकी वापसी टी20 वर्ल्डकप 2024 में हुई, जहां भारतीय टीम ने आगे चलकर खिताब जीता। हालांकि अब पंत को सिर्फ टेस्ट के लिए चयनकर्ता कंसिडर कर रहे हैं, जिसके लिए वह फिलहाल श्रीलंका में हैं, जहां टीम इंडिया को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।
Updated on:
08 Aug 2026 09:10 am
Published on:
08 Aug 2026 09:10 am
