8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rashid Khan ने बदल दिया वनडे क्रिकेट का इतिहास, 6 विकेट लेकर चामिंडा वास-ट्रेंट बोल्ट और स्टार्क का रिकॉर्ड किया ध्वस्त

Ireland vs Afghanistan: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। वनडे क्रिकेट में तीसरी बार 6 विकेट हॉल लेकर वह वकार यूनिस (5 बार) के बाद ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं।
2 min read
Google source verification
Rashid Khan

राशिद खान (फोटो- IANS)

Six Wickets Hall in ODI Cricket: आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने 6 विकेट लेकर इतिहास रच दिया है। वह वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार 6 विकेट हॉल (एक मैच में 6 विकेट) लेने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। वनडे में सबसे ज्यादा बार 6 विकेट लेने का ऑल-टाइम रिकॉर्ड पाकिस्तान के वकार यूनिस के नाम है, जिन्होंने 5 बार यह कारनामा किया है। वकार ने अपने करियर के 258 वनडे मैचों में 416 विकेट चटकाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 36 रन देकर 7 विकेट रहा है।

बोल्ट-स्टार्क का रिकॉर्ड भी ध्वस्त

राशिद खान ने आयरलैंड के खिलाफ 6 विकेट चटकाते ही इमरान ताहिर, ट्रेंट बोल्ट और चमिंडा वास जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। वनडे क्रिकेट में राशिद ने यह कारनामा तीसरी बार किया है। अन्य गेंदबाजों की बात करें तो भारत के आशीष नेहरा यह कारनामा 2 बार कर चुके हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के क्रिस वोक्स, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, श्रीलंका के अजंता मेंडिस तथा न्यूजीलैंड के शेन बॉन्ड, टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट भी दो-दो बार 6 विकेट हासिल कर चुके हैं।

रिकॉर्ड ब्रेक बॉलिंग का खोला राज़

राशिद को शानदार स्पेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच के बाद राशिद ने कहा, "यहां आपको जबरदस्त स्पिन मिलती है जो मुझे बहुत पसंद है, खासकर ऐसे हालात में। इससे भी जरूरी बात यह थी कि सही एरिया पर लगातार गेंदबाजी की जाए। मैं इसी पर ध्यान दे रहा था। 5-5.5 मीटर की लेंथ और स्टंप्स पर गेंदबाजी करने से आप गेम में बने रहते हैं। एक स्पिनर के तौर पर मुझे लगता है कि आपको चीजें आसान रखनी चाहिए, अच्छी लेंथ यानी 5-5.5 मीटर पर सही जगह गेंद डालनी चाहिए। अलग-अलग तरह की गेंदें डालते रहें जैसे लेग-स्पिन, रॉन्ग-वन, फ्लिपर, लेकिन लेंथ ज्यादा जरूरी है। ध्यान रखें कि गेंद स्टंप्स पर जाकर गिरे।"

अफगानिस्तान के अनुभवी स्पिनर ने आगे कहा, "चीजें आसान रखें और अपने जादुई स्पेल का आनंद लें। एक मैच से हम सबसे अच्छी टीम नहीं बन जाएंगे। भारत के खिलाफ हमारी सीरीज बहुत मुश्किल थी। बॉलिंग यूनिट में कुछ चीजों को बेहतर करने की जरूरत है। तेज गेंदबाजी के नजरिए से, इस मैच में हमें अंतिम ओवरों में गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला। हालांकि, मुझे लगता है कि नई गेंद के साथ हम इससे कहीं बेहतर कर सकते हैं। भारत के खिलाफ हमने बहुत सारी गलतियां की थीं। हमारे लिए यह एक शानदार मौका है जहां हम एक टीम के तौर पर मिलकर सही लेंथ पर बेहतरीन गेंदबाजी कर सकें। अगले वर्ल्ड कप के लिए यह अच्छी तैयारी होगी। मुझे लगता है कि तेज गेंदबाजी यूनिट में बॉलिंग पर कंट्रोल के मामले में हम और बेहतर हो सकते हैं।"

अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच हुए दूसरे वनडे मुकाबले को बारिश के चलते 47 ओवर का कर दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 299 रन लगाए। टीम की ओर से इब्राहिम जादरान ने 84 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि सेदिकुल्लाह अटल ने 45 रनों का योगदान दिया।